भूख से बिलख रहे गाजा के लोग, हमास ने लूट लिया खाने से भरा राहत ट्रक
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 05:24 PM
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 05:24 PM
गाजा में जारी मानवीय संकट के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक ड्रोन फुटेज जारी किया है, जिसमें कथित तौर पर हमास के कार्यकतार्ओं को एक राहत ट्रक लूटते हुए देखा जा सकता है। यह ट्रक दक्षिणी गाजा में जरूरतमंद लोगों के लिए खाने और आवश्यक वस्तुओं से भरा हुआ था, जिसे हमास ने रास्ते में रोककर लूट लिया। Hamas Actions :
ड्राइवर पर हमला कर लूट ले गए ट्रक
सेंटकॉम के मुताबिक, संदिग्ध हमास कार्यकतार्ओं ने पहले ट्रक ड्राइवर पर हमला किया और फिर पूरे ट्रक को लेकर फरार हो गए। ट्रक में भरी सभी मानवीय सहायता सामग्री भी लूट ली गई। अमेरिकी कमांड के अनुसार, यह ट्रक अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से मिली मदद लेकर जा रहे राहत काफिले का हिस्सा था। फिलहाल, ट्रक ड्राइवर की स्थिति को लेकर कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
अमेरिकी ड्रोन ने की निगरानी
अमेरिका के नेतृत्व में संचालित नागरिक-सैन्य समन्वय केंद्र ने इस घटना पर नजर रखी थी। यह केंद्र दक्षिणी इजराइल के किरियात गत इलाके में स्थित है। बताया गया कि एक अमेरिकी एमक्यू-9 ड्रोन गाजा के ऊपर निगरानी कर रहा था, जिसने इस पूरी लूट को रिकॉर्ड किया। सेंटकॉम ने कहा कि ऐसी घटनाएं गाजा में सहायता पहुंचाने के लिए किए जा रहे वैश्विक प्रयासों को कमजोर करती हैं। पिछले सप्ताह अंतरराष्ट्रीय साझेदारों की ओर से रोजाना 600 से अधिक राहत ट्रक गाजा भेजे जा रहे थे।
अमेरिकी विदेश मंत्री की कड़ी प्रतिक्रिया
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ड्रोन वीडियो सामने आने के बाद हमास की निंदा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, हमास गाजा के लोगों को आवश्यक मानवीय सहायता से वंचित कर रहा है। वह राहत सामग्री को रोककर नागरिकों की तकलीफें बढ़ा रहा है। रुबियो ने हमास से हथियार डालने और लूटपाट बंद करने की अपील की, ताकि गाजा का भविष्य सुरक्षित और स्थिर हो सके।
क्या है यह सहायता वितरण केंद्र?
17 अक्टूबर को स्थापित यह नागरिक-सैन्य समन्वय केंद्र गाजा के लिए मुख्य राहत हब के रूप में काम कर रहा है। यह केंद्र लगभग 40 देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करता है, ताकि मानवीय, सैन्य और सुरक्षा सहायता गाजा तक सुरक्षित पहुंच सके। संयुक्त राष्ट्र की अगस्त में जारी एक रिपोर्ट में भी यह खुलासा हुआ था कि गाजा पट्टी के भीतर पहुंचने वाली कई राहत सामग्रियां रास्ते में ही लूट ली जाती हैं, जिससे स्थानीय लोगों तक मदद पूरी तरह नहीं पहुंच पाती।