
Hindi Film Banned in Nepal : काठमांडू। फिल्म ‘आदिपुरुष’ के संवादों को लेकर उठे विवाद और फिल्म में माता सीता का उल्लेख "भारत की बेटी" के रूप में किये जाने के बाद नेपाल में ‘आदिपुरुष’ सहित सभी हिंदी फिल्मों के प्रदर्शन पर सोमवार को रोक लगा दी गई। खबरों के मुताबिक, ओम राउत निर्देशित ‘आदिपुरुष’ की स्क्रीनिंग पर काठमांडू और पोखरा में प्रतिबंध लगाये जाने के बाद रामायण पर आधारित इस फिल्म पर पूरे नेपाल में रोक लगा दी गई है।
काठमांडू के 17 सिनेमाघरों में यह सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया कि यहां कोई हिंदी फिल्म प्रदर्शित न हो। काठमांडू के महापौर बालेंद्र शाह ने कहा कि शहर में किसी भी हिंदी फिल्म के प्रदर्शन की अनुमति तब तक नहीं दी जाएगी, जब तक कि ‘आदिपुरुष’ में "जानकी भारत की एक बेटी है" संवाद को न केवल नेपाल में बल्कि भारत में भी हटा दिया जाता है।
गौरतलब है कि माता सीता को जानकी के नाम से भी जाना जाता है। कई लोगों का मानना है कि उनका जन्म नेपाल के जनकपुर में हुआ था। पोखरा के महापौर धनराज आचार्य ने कहा कि प्रभास और कृति सेनन अभिनीत फिल्म ‘आदिपुरुष’ के प्रदर्शन पर सोमवार से रोक लगा दी जाएगी। काठमांडू के महापौर के अनुसार, फिल्म ‘आदिपुरुष’ को उसके एक संवाद को हटाये बिना प्रदर्शित करने से "अपूरणीय क्षति" होगी।
उन्होंने रविवार को एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि सोमवार, 19 जून से काठमांडू शहर में सभी हिंदी फिल्मों के प्रदर्शन पर रोक रहेगी, क्योंकि फिल्म 'आदिपुरुष' के संवाद में आपत्तिजनक शब्द अभी तक नहीं हटाए गए हैं।"
फिल्म पर विवाद बढ़ता देख इसके संवाद लेखक मनोज मुंतशिर शुक्ला ने रविवार को कहा कि फिल्म निर्माताओँ ने "कुछ संवादों को संशोधित करने" का फैसला किया है, क्योंकि संवाद में आपत्तिजनक भाषा के कारण फिल्म की भारी आलोचना हो रही है। फिल्म के हिंदी संवाद और हिंदी गीत लिखने वाले शुक्ला ने कहा कि संशोधित संवाद को इस सप्ताह तक फिल्म में जोड़ दिया जाएगा।
काठमांडू में सिविल महल में 'क्यूएफएक्स हॉल' की निगरानी करते हुए पुलिस प्रमुख ने कहा कि "वे हिंदी के बजाय नेपाली और अंग्रेजी फिल्म दिखाएंगे। जब तक केएमसी प्राधिकरण अनुमति नहीं देता तब तक हम हिंदी फिल्मों की स्क्रीनिंग की अनुमति नहीं देंगे।"
कमलादी काठमांडू में राइजिंग मॉल स्थित 'क्यूज' सिनेमाघर के एक सुरक्षा गार्ड ने बताया कि सिनेमाघर ने शुक्रवार शाम को एक बार फिल्म दिखाने के बाद फिल्म का प्रदर्शन बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा, "अब हम सोमवार से नेपाली फिल्म 'नीर फूल' दिखा रहे हैं।"
टी-सीरीज, रेट्रोफाइल्स और यूवी क्रिएशंस द्वारा निर्मित इस फिल्म में प्रभास - राघव (राम), कृति सेनन - जानकी (सीता), सैफ अली खान - लंकेश (रावण), सनी सिंह - शेष (लक्ष्मण) और देवदत्त नाग- बजरंग (हनुमान) की भूमिका में हैं। Hindi Film Banned in Nepal