"अगर हमला किया तो तबाही तय", ईरान को ट्रंप की कड़ी चेतावनी
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 06:54 PM
Israel-Iran War : इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अमेरिका ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर तेहरान ने अमेरिका पर हमला करने की जरा-सी भी कोशिश की, तो अमेरिका की सैन्य ताकत "इतनी प्रचंड होगी, जितनी पहले कभी नहीं देखी गई।"
आज रात ईरान पर हुए हमले में अमेरिका की कोई भूमिका नहीं
ट्रंप ने यह बयान ऐसे समय पर दिया है जब इजराइली सेना ने दावा किया है कि उसने तेहरान में स्थित ईरानी रक्षा मंत्रालय और विवादास्पद परमाणु परियोजना पर लक्षित हमले किए हैं। ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर साफ किया कि आज रात ईरान पर हुए हमले में अमेरिका की कोई भूमिका नहीं है। लेकिन यदि ईरान ने अमेरिका को निशाना बनाया, तो जवाब ऐसा होगा जिसकी दुनिया ने कल्पना नहीं की होगी।
इजराइल का दावा : तेहरान में एसपीएनडी परियोजना को बनाया निशाना
इजराइली डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने रविवार को एक बयान में पुष्टि की कि उसकी वायुसेना ने ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं से जुड़ी कई प्रमुख ठिकानों पर हमले किए हैं। इनमें ईरानी रक्षा मंत्रालय का मुख्यालय और एसपीएनडी (संभावित वैज्ञानिक परमाणु विकास) परियोजना का केंद्र भी शामिल है। आईडीएफ के अनुसार, इन हमलों का उद्देश्य ईरान की गुप्त परमाणु क्षमताओं को निष्क्रिय करना है। जानकारी के मुताबिक, हमला उस स्थान पर भी हुआ जहां कथित रूप से ईरान ने अपने परमाणु दस्तावेजों को छिपा रखा था। जिसे पहले भी इजराइल दुनिया के सामने उजागर कर चुका है।
ईरान ने परमाणु वार्ता की प्रक्रिया रोकी
सैन्य हमलों की पृष्ठभूमि में ईरान ने अमेरिका के साथ चल रही बहुप्रतीक्षित परमाणु वार्ता को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराकची ने बयान जारी करते हुए कहा, इस समय जब इजराइल खुलेआम हमारे देश पर हमला कर रहा है, किसी भी तरह की वार्ता आगे बढ़ाना न केवल अव्यावहारिक, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान के खिलाफ होगा।
ट्रंप का प्रस्ताव : मैं यह युद्ध अभी रोक सकता हूं
दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप ने जहां एक ओर ईरान को चेताया, वहीं उन्होंने यह भी कहा कि यदि मौका दिया जाए तो वह ईरान और इजराइल के बीच मध्यस्थता कर इस "खूनी संघर्ष" को समाप्त कर सकते हैं। ट्रंप ने लिखा, मैं इस युद्ध को आसान तरीके से समाप्त कर सकता हूं। लेकिन इसके लिए दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर आना होगा।