किस कोने में छिपा बैठा है आतंकी हाफिज सईद? अफगानिस्तान में रच रहा है नई साजिश!
Terrorist Hafiz Saeed
भारत
चेतना मंच
07 Jul 2025 05:11 PM
Terrorist Hafiz Saeed : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हालिया आतंकी हमले के बाद एक बार फिर आतंकी हाफिज सईद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। भारत में कई बड़े आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा का सरगना हाफिज सईद पिछले कुछ समय से अंडरग्राउंड है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या हाफिज अब भी पाकिस्तान में है या किसी और देश में छिपा बैठा है? इस पूरे मामले पर पाकिस्तान के तीन अलग-अलग बयानों से कुछ बड़े संकेत मिल रहे हैं जो हाफिज सईद के ठिकाने को लेकर नई अटकलें खड़ी कर रहे हैं।
1. "पाकिस्तान में अब कोई आतंकवादी नहीं"- ख्वाजा आसिफ
12 मई को बीबीसी उर्दू को दिए इंटरव्यू में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि "मैं गारंटी के साथ कह सकता हूं कि इस वक्त पाकिस्तान में एक भी आतंकवादी मौजूद नहीं है।" उन्होंने स्वीकार किया कि अतीत में पाकिस्तान की सरकारें अमेरिका और यूरोप के दबाव में आतंकियों को पनाह देती थीं, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। इस बयान को हाफिज सईद की मौजूदा लोकेशन से जोड़कर देखा जा रहा है क्या यह इशारा है कि हाफिज अब पाकिस्तान में नहीं है?
2. "हाफिज शायद अफगानिस्तान में हो"-बिलावल भुट्टो
5 जुलाई को अल-जजीरा को दिए इंटरव्यू में पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा, "हाफिज सईद कहां है, मुझे नहीं पता... लेकिन संभव है कि वह अफगानिस्तान में हो।" यह बयान न केवल पाकिस्तानी सरकार की अनभिज्ञता को दर्शाता है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि सईद पाकिस्तान की सीमाओं के बाहर छिपा हो सकता है खासतौर पर अफगानिस्तान, जिसकी पाकिस्तान के साथ 2600 किलोमीटर लंबी खुली सीमा है।
3. "मेरे पिता सेफ हैं"-तल्हा सईद
6 जुलाई को हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद ने कहा, "मेरे पिता सेफ लोकेशन पर हैं और पूरी तरह सुरक्षित हैं।" अब सवाल यह उठता है कि यह ‘सेफ लोकेशन’ पाकिस्तान के भीतर है या बाहर? इस बयान से यह जरूर साफ है कि हाफिज सईद अभी किसी न किसी देश में संरक्षण में है और फिलहाल कोई खतरा महसूस नहीं कर रहा।
कहां था हाफिज सईद का अड्डा?
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुरीदके में हाफिज सईद का मुख्य अड्डा रहा है, जहां लश्कर-ए-तैयबा का हेडक्वार्टर था। लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के बाद से यहां सन्नाटा पसरा है और पाकिस्तानी अधिकारियों ने इस इलाके पर नियंत्रण कर लिया है। 2015 में अमेरिका ने हाफिज सईद पर 10 मिलियन डॉलर (करीब 83 करोड़ रुपये) का इनाम घोषित किया था। खुद हाफिज ने एक इंटरव्यू में कहा था, "मेरे ऊपर इनाम रखा गया है, लेकिन कोई मेरा ठिकाना नहीं बताता, क्योंकि यहां के लोगों को वो 10 मिलियन डॉलर नहीं चाहिए।"
क्या भारत को चिंता करनी चाहिए?
हाफिज सईद 2019 में पाकिस्तान द्वारा कुछ समय के लिए नजरबंद किया गया था, लेकिन जल्द ही रिहा कर दिया गया। पिछले 5 वर्षों में वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पंजाब प्रांत में काफी सक्रिय देखा गया था। अब जबकि वह एक बार फिर गायब है और हालिया आतंकी गतिविधियां बढ़ी हैं, तो यह चिंता की बात जरूर है। Terrorist Hafiz Saeed