
PM Modi News : इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच गहराती दोस्ती एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर चर्चा का विषय बन गई है। कनाडा के अल्बर्टा प्रांत स्थित कनानास्किस में आयोजित 51वें G7 शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात ने सोशल मीडिया पर नई हलचल पैदा कर दी।मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ हाथ मिलाते और मुस्कुराते हुए एक तस्वीर एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा – "इटली और भारत, एक महान मित्रता से जुड़े हुए हैं।"
इस पोस्ट के साथ ही सोशल मीडिया पर #Melodi (मेलोडी) ट्रेंड करने लगा, जिसे यूज़र्स दोनों नेताओं के नामों को जोड़कर बना रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने भी मेलोनी की इस पोस्ट पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा – “मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं, प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी। इटली के साथ भारत की दोस्ती और मजबूत होती जाएगी, जिससे हमारे लोगों को बहुत लाभ होगा!”
यह पहली बार नहीं है जब दोनों नेताओं की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई हो। दिसंबर 2023 में दुबई में आयोजित COP28 जलवायु सम्मेलन के दौरान ली गई एक सेल्फी ने दुनियाभर में सुर्खियां बटोरी थीं। उस वक्त मेलोनी ने वह तस्वीर एक्स पर साझा करते हुए लिखा था – "COP28 में अच्छे दोस्त!" इस पोस्ट को लाखों लाइक्स और रीपोस्ट मिले थे।
G7 समिट के दौरान पीएम मोदी ने कई अन्य विश्व नेताओं से भी मुलाकात की। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से बातचीत के बाद उन्होंने लिखा, "कनाडा में G7 शिखर सम्मेलन के दौरान ऑस्ट्रेलिया के अपने मित्र प्रधानमंत्री अल्बनीज से मिलकर अच्छा लगा।" दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा से मुलाकात को लेकर भी मोदी ने एक्स पर लिखा, "राष्ट्रपति रामफोसा से बात करके प्रसन्नता हुई।" इसके अलावा, मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम से हुई मुलाकात में प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के प्रयासों में मेक्सिको के समर्थन की सराहना की और उन्हें भारत आने का निमंत्रण भी दिया। PM Modi News