सेना का संयुक्त बयान जारी: पाकिस्तान को किया बेनकाब, एक-एक करके गिनाए सारे झूठ
Indo-Pak War
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 02:17 PM
Indo-Pak War : आज शनिवार को शाम को सेना ने अपने संयुक्त बयान में भारत और पाकिस्तान दोनों के बीच कंडीशनल सीजफायर का ऐलान किया। सेना ने अपने संयुक्त बयान में पाकिस्तान के झूठ को बेनकाब कर दिया और पाकिस्तान के एक-एक करके सारे झूठ गिना डाले। बयान में कहा गया कि पाकिस्तान ने झूठी खबरें फैलाई। पाकिस्तान ने यह झूठ फैलाया कि हमने मस्जिदों पर अटैक किया लेकिन यह पूरी तरह गलत है। हमारी सेना ने पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचाया है। पाकिस्तान ने कहा कि पाक ने हमारे सैन्य ठिकानों पर हमले किया, यह भी पूरी तरह गलत और झूठी सूचना फैलाई गई। हमारे सारे सैन्य प्रतिष्ठान पूरी तरह से सुरक्षित हैं। हमने सभी कार्रवाई नपी तुली और जिम्मेदारीपूर्ण कार्रवाई की। इस तरह इस समय पाकिस्तान की आक्रामकता और रक्षात्मक क्षमता समाप्त हो चुकी है।
सीजफायर का ऐलान
भारत और पाकिस्तान दोनों ने सीजफायर का ऐलान कर दिया है। विदेश सचिव ने बताया है कि पाकिस्तान के डीजीएमओ का भारत के डीजीएमओ के पास फोन आया था, जिसके बाद दोनों देश आज शाम 5 बजे से सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट कर भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बारे में बताया।
सेना ने पाकिस्तान के झूठ को किया बेनकाब
आपरेशन सिंदूर पर तीनों सेनाओं की ब्रीफिंग में सेना ने पाकिस्तान के झूठ को बेनकाब कर दिया है। ब्रीफिंग में कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया गया कि पाकिस्तान ने जो ब्रह्मोस मिसाइल को लेकर दावा किया गया है कि वो पूरी तरह से गलत है। पाकिस्तान झूठा प्रचार कर रहा है।
सीजफायर के बाद पाकिस्तान ने अपना एयर स्पेस खोला
सीजफायर के ऐलान के बाद पाकिस्तान ने अपना एयर स्पेस खोल दिया है। भारत और पाकिस्तान के बीच तत्काल और व्यापक युद्ध विराम के लिए तैयार होने की आधिकारिक घोषणा के बाद, पाकिस्तान नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने देश के हवाई क्षेत्र पर लगी रोक हटाने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री मोदी से मिलने पहुंचे एनएसए अजीत डोभाल
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए उनके आवास 7 एलकेएम पहुंच गए हैं। सीजफायर के ऐलान के बाद डोभाल पीएम से मिलने के लिए उनके आवास पहुंचे हैं।
भारत-पाकिस्तान सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमत हुए : विदेश मंत्री एस जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान ने आज गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनाई है। भारत ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ लगातार दृढ़ और अडिग रुख अपनाया है। वह ऐसा करना जारी रखेगा।
विदेश सचिव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि आज दोपहर मेें पाकिस्तान के डीजीएमओ का भारत के डीजीएमओ के पास फोन आया था। अब 12 मई को दोनों देशों के डीजीएमओ फिर से बातचीत करेंगे। विदेश सचिव ने कहा कि दोनों देश गोलीबारी बंद करने पर सहमत हुए हैं। Indo-Pak War