International News : अमेरिकी लड़ाकू विमान ने कनाडा के हवाई क्षेत्र में अज्ञात, बेलनाकार वस्तु को नष्ट किया : अमेरिका
American fighter jet destroys unidentified, cylindrical object in Canadian airspace: America
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 06:16 AM
International News : वाशिंगटन। अमेरिकी लड़ाकू विमान एफ-22 ने कनाडा के हवाई क्षेत्र में एक अज्ञात बेलनाकार वस्तु को नष्ट किया है। इससे एक दिन पहले अमेरिका ने अलास्का के जल क्षेत्र के ऊपर एक अज्ञात वस्तु और एक सप्ताह पहले साउथ कैरोलाइना तट के पास एक संदिग्ध चीनी जासूसी गुब्बारे को नष्ट किया था।
International News
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो ने बताया कि इस अज्ञात वस्तु को शनिवार को उत्तर-पश्चिम कनाडा के युकोन क्षेत्र में नष्ट किया गया। अमेरिका के रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन ने बताया कि यह वस्तु एक रात पहले अलास्का में देखी गई थी, सैन्य अधिकारियों ने बारीकी से इस पर नजर रखी। अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो के बीच फोन पर हुई बातचीत के बाद इस संबंध में फैसला किया गया।
ट्रुडो ने कहा कि मैंने कनाडाई हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने वाली एक अज्ञात वस्तु को नष्ट करने का आदेश दिया था। एनओआरएडी (नार्थ अमेरिकन एयरोस्पेस डिफेंस कमांड) ने युकोन में एक वस्तु को मार गिराया। कनाडाई और अमेरिकी विमानों को तैनात किया गया और एक अमेरिकी एफ-22 ने वस्तु को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया।
International News
कनाडा की रक्षा मंत्री अनीता आनंद ने बताया कि करीब 40 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रही यह वस्तु बेलनाकार थी और पिछले सप्ताह के अंत में मार गिराए गए संदिग्ध चीनी गुब्बारे से छोटी थी। इससे एक दिन पहले अमेरिका के एक लड़ाकू विमान ने अलास्का के उत्तरी तट के पास करीब 40 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रही छोटी कार के आकार की एक वस्तु को बाइडन के आदेश पर नष्ट किया था।
अमेरिका के रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन के प्रेस सचिव ब्रिगेडियर पैट राइडर ने बताया कि एनओआरएडी ने शुक्रवार देर शाम अलास्का के ऊपर एक वस्तु देखी। व्हाइट हाउस ने बताया कि एनओआरएडी ने इसके बाद 24 घंटे इस वस्तु पर निकटता से नजर रखी और राष्ट्रपति को उनके राष्ट्रीय सुरक्षा दल ने इसकी लगातार जानकारी दी। व्हाइट हाउस ने कहा कि अत्यधिक सावधानी बरतते हुए और अपनी सेनाओं की सिफारिश पर राष्ट्रपति बाइडन और कनाडा के प्रधानमंत्री ट्रुडो ने इसे नष्ट करने की अनुमति दी।
बाइडन ने इस अभियान के लिए एनओआरएडी को सौंपे गए अमेरिकी लड़ाकू विमान को इस अभियान के लिए अधिकृत किया। एक अमेरिकी एफ-22 विमान ने कनाडा के अधिकारियों के साथ निकट समन्वय से कनाडाई क्षेत्र में वस्तु को नष्ट कर दिया। राइडर ने बताया कि एक अमेरिकी एफ-22 विमान ने अमेरिकी एवं कनाडाई प्राधिकारियों के निकट समन्वय के बीच ‘एआईएम 9एक्स’ मिसाइल का इस्तेमाल करके वस्तु को नष्ट कर दिया।
इस बीच, कनाडा के प्रधानमंत्री ट्रुडो ने भी बताया कि उनके आदेश पर एक अमेरिकी लड़ाकू विमान ने युकोन के हवाई क्षेत्र में उड़ रही एक अज्ञात वस्तु को नष्ट कर दिया। एफ-22 लड़ाकू विमान अब तक तीन ऐसी वस्तुओं को नष्ट कर चुके हैं, जिनमें से कम से कम वस्तु चीनी जासूसी गुब्बारा था, लेकिन शेष दो की जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
अमेरिका ने एक सप्ताह पहले ही अटलांटिक महासागर में दक्षिण कैरोलाइना के तट के पास चीन के एक गुब्बारे को नष्ट किया था, जिसने 30 जनवरी को अमेरिकी हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया था। पेंटागन ने कहा है कि उक्त गुब्बारा एक बड़े निगरानी कार्यक्रम का हिस्सा था जिसे चीन "कई सालों" से चला रहा है।
चीन ने स्वीकार किया है कि यह गुब्बारा उसका था, लेकिन उसने इस बात से इनकार किया कि इसका मकसद जासूसी करना था। चीन का कहना है कि इसका उद्देश्य मौसम संबंधी जानकारी जुटाना था।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।