चीन ने बनाया 'मच्छर ड्रोन', सेना करेगी खास ऑपरेशनों में इस्तेमाल
International News
भारत
चेतना मंच
24 Jun 2025 04:39 PM
International News : चीन की रक्षा तकनीक ने एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। इस बार चीन के वैज्ञानिकों ने ऐसा ड्रोन तैयार किया है जो आकार में एक मच्छर जितना छोटा है। लेकिन इसकी ताकत किसी बड़े स्पाई सिस्टम से कम नहीं। इतना छोटा कि आंखों से पकड़ना मुश्किल और इतना स्मार्ट कि युद्ध के दौरान दुश्मन की जानकारी चुपचाप इकट्ठा कर सके।
यह माइक्रो ड्रोन चीन के हुनान प्रांत स्थित नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ डिफेंस टेक्नोलॉजी (NUDT) की रोबोटिक्स लैब में विकसित किया गया है। रिसर्चर्स के मुताबिक, ड्रोन के भीतर कैमरा, सेंसर, बैटरी, कंट्रोल सर्किट और एंटीना जैसे बेहद जटिल कंपोनेंट्स फिट किए गए हैं जिन्हें इतनी छोटी बॉडी में समाहित करना तकनीकी रूप से बहुत ही चुनौतीपूर्ण था।
हूबहू मच्छर जैसा है डिजाइन
वीडियो फुटेज में दिखाया गया है कि, इस ड्रोन की बॉडी बिल्कुल एक मच्छर की तरह लगती है। इसमें दो पंख हैं जो एक मशीन से जुड़े हुए हैं, साथ ही तीन पतले-पतले पैर भी दिए गए हैं जो इंसानी बाल जितने बारीक हैं। ड्रोन इतना छोटा है कि रिसर्चर ने इसे हथेली पर रखकर दिखाया। इस ड्रोन का प्रोटोटाइप भी दिखाया गया है जिसे रिसर्चर स्मार्टफोन के जरिए रिमोटली ऑपरेट कर रहे थे। यानी बेहद संवेदनशील मिशनों में यह ड्रोन बिना किसी आवाज़ के उड़ान भर सकता है और दुश्मन को भनक तक नहीं लगती।
सेना को मिलेगी खुफिया ताकत
NUDT के रिसर्चर लियांग हेशियांग ने चीन के सरकारी चैनल CCTV पर बताया कि यह माइक्रो ड्रोन जंग के दौरान बेहद अहम साबित हो सकता है। खास तौर पर ऐसी जगहों पर जहां इंसान या बड़े ड्रोन नहीं पहुंच सकते, वहां यह मच्छर ड्रोन चुपचाप खुफिया जानकारी इकट्ठा करने में सक्षम होगा। बता दें कि, NUDT की यह लेबोरेटरी इससे पहले भी कई तरह के एडवांस रोबोट तैयार कर चुकी है जो युद्ध, निगरानी और खोज-बचाव अभियानों में उपयोगी रहे हैं।
नॉर्वे भी बना चुका है छोटा ड्रोन
चीन से पहले नॉर्वे भी इस दिशा में कदम बढ़ा चुका है। नॉर्वे का UAV Black Hornet नाम का मिनी ड्रोन, हथेली के आकार का एक हेलीकॉप्टर है, जिसे सेना निगरानी के काम में इस्तेमाल करती है। लेकिन चीन का यह मच्छर-ड्रोन उससे भी कहीं ज्यादा सूक्ष्म और तकनीकी रूप से जटिल है। International News