International News : चीन के पूर्व राष्ट्रपति हू जिंताओं को बैठक से जबरन निकाला
Former Chinese President Hu Jintao forcibly evicted from the meeting
भारत
RP Raghuvanshi
22 Oct 2022 08:19 PM
दुनिया की महाशक्तियों में शुमार चीन के राष्ट्रपति अपने तीसरे कार्यकाल से पहले ही विरोधी नेताओं को अपनी ताकत का एहसास कराने लगे हैं। शनिवार को पार्टी कांग्रेस की बैठक के दौरान पूर्व राष्ट्रपति हू जिंताओ को जबरन बाहर कर दिया गया। घटना पार्टी कांग्रेस की बैठक के समापन सत्र के दौरान की है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिख रहा है कि 79 वर्षीय हू जिंताओ, राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बगल वाली कुर्सी पर बैठे थे। इसी दौरान दो सुरक्षा गार्ड उन्हें जबरन उठाकर बाहर ले जाते हैं। जिंताओ इसका विरोध कर रहे थे। बैठक में सत्तारूढ कम्युनिस्ट पार्टी के 2,296 से अधिक प्रतिनिधि बैठक में शामिल थे।
International News :
एक मिनट लंबे वीडियो में दिख रहा है कि हू जिंताओ अपनी कुर्सी पर बैठे हुए हैं, इसी दौरान उनके पास दो लोग आते हैं और कुछ कहते हैं। वे जिंताओ का हाथ पकड़ कर उठाते हैं। इस दौरान वह असमंजस की स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि राष्ट्रपति जिनपिंग उनके पास वाली कुर्सी में बैठे हैं। जिंताओ जिनिपिंग से कुछ कहते हैं, जिसका जवाब भी वह देते हैं और इसके बाद सुरक्षाकर्मी उन्हें पकड़कर बाहर ले जाते हैं। इतना ही नहीं, इससे पहले देश में दूसरे नंबर की हैसियत रखने वाले नेता व प्रधानमंत्री ली केकियांग को सेंट्रल कमेटी से बाहर कर दिया गया है। सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की नई 205 सदस्यीय केंद्रीय समिति की सूची आज ही जारी की गई, जिसमें केकियांग का नाम शामिल नहीं था।
International News :
सत्तारूढ़ सीपीसी का एक सप्ताह से जारी महाअधिवेशन शनिवार को संपन्न हो गया। इस महासम्मेलन में अगले पांच साल के लिए राष्ट्रीय एजेंडा तय किया गया। सीपीसी ने शनिवार को पार्टी संविधान में संशोधन को मंजूरी दी, जिससे राष्ट्रपति शी जिनपिंग का चीनी नेता के तौर पर कद को और बढ़ाया जा सकता है। संशोधन प्रस्ताव को तत्काल जारी नहीं किया गया है, लेकिन इसको मंजूरी देने से पहले उद्घोषक ने इसके कारणों की जानकारी दी।