International News : अमेरिका में अगवा चार भारतीयों की गोली मारकर हत्या, इनमें 8 माह की बच्ची भी
Four Indians kidnapped in America shot dead
भारत
चेतना मंच
06 Oct 2022 04:57 PM
International News : अमेरिका के कैलिफोर्निया में तीन दिन पहले अगवा किए गए पंजाबी परिवार के सभी चार सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनके शव बरामद हो गए हैं। इनमें एक 8 महीने की बच्ची भी शामिल है। मर्स्ड काउंटी शेरिफ वर्न वार्नके ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने इस पूरी घटना को भयानक और डरावना बताया है। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि चारों लोगों को बीते तीन अक्टूबर को दक्षिण हाइवे 59 के 800 ब्लॉक से अगवा कर लिया गया था। इस परिवार का अमेरिका में खुद का ट्रांसपोर्ट बिजनेस है।
International News :
यह परिवार पंजाब के होशियारपुर जिले के टांडा के हरसी गांव का रहने वाला है। मर्स्ड काउंटी से सोमवार को 36 साल के जसदीप सिंह, 27 साल की जसलीन कौर और उनकी 8 महीने की बच्ची आरोही और जसदीप के भाई 39 साल के अमनदीप सिंह को अगवा किया गया था। इस मामले में कैलिफोर्निया पुलिस ने 48 साल के एक शख्स को हिरासत में लिया है। जानकारी है कि आरोपी ने खुद को भी मारने की कोशिश की थी। उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस को इस मामले में लीड जसदीप के एटीएम के इस्तेमाल से मिली थी। इससे पहले कैलिफोर्निया के फायर अधिकारियों ने बीते सोमवार को मेरेड के बाहर एक ग्रामीण इलाके में अमनदीप सिंह का जला हुआ ट्रक बरामद किया था। पुलिस ने शक जाहिर किया है कि किडनैपर्स ने आग लगाकर सबूत खत्म करने की कोशिश की थी।