ऑपरेशन सिंदूर पर गरमाई सियासत, विदेश मंत्रालय ने राहुल के आरोपों को बताया भ्रामक
International News
भारत
चेतना मंच
18 May 2025 01:30 PM
International News : विदेश मंत्री एस. जयशंकर के एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के शुरुआती चरण में पाकिस्तान को चेतावनी दी गई थी। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस बयान को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान को हमले से पहले जानकारी दी गई थी, तो यह एक गंभीर अपराध है।
उन्होंने पूछा कि इसे किसने अधिकृत किया और इसके कारण भारतीय वायुसेना को क्या नुकसान हुआ। इसके जवाब में विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी ने बयान को गलत संदर्भ में पेश किया है, क्योंकि चेतावनी ऑपरेशन शुरू होने के बाद दी गई थी, न कि उससे पहले। वहीं, बीजेपी ने राहुल गांधी पर पाकिस्तान के प्रोपेगेंडा टूल बनने का आरोप लगाया और कहा कि वह अपने परिवार की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
BJP ने राहुल गांधी पर लगाया आरोप
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि, वह पाकिस्तान के "प्रोपेगेंडा टूल" बन रहे हैं। उनके परिवार की तीन पीढ़ियां भी इसी तरह के बयानों के लिए जानी जाती रही हैं। बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि राहुल गांधी को पाकिस्तान के "दुष्प्रचार उपकरण" की भूमिका निभाना बंद करना चाहिए। International News