मुंह के बल गिरे तुर्की और चीन, गौतम अडानी के फैसले से मिला बड़ा झटका
International News
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 06:37 PM
International News : भारत-पाक तनाव के बीच जहां देश की जनता और सरकार ने तुर्की और अजरबैजान के प्रति नाराज़गी जाहिर की, वहीं अब भारत के प्रमुख उद्योगपति गौतम अडानी ने भी कड़े फैसले लेते हुए तुर्की और चीन को बड़ा झटका दिया है। अडानी की कंपनी Adani Airport Holdings ने दो अंतरराष्ट्रीय कंपनियों-तुर्की की सेलेबी और चीन की ड्रैगनपास के साथ अपने कारोबारी संबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिए हैं।
तुर्की की कंपनी सेलेबी पर स्ट्राइक
गौतम अडानी की कंपनी ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर ग्राउंड हैंडलिंग सर्विस देने वाली तुर्की की कंपनी Celebi के साथ करार खत्म कर दिया है। यह निर्णय भारत सरकार के एक सख्त आदेश के बाद लिया गया। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) ने सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया लिमिटेड की सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी थी। इसके बाद सेलेबी को अपने सभी कार्य अडानी ग्रुप को सौंपने के आदेश दिए गए।
चीन की कंपनी ड्रैगनपास से भी रिश्ते खत्म
सिर्फ तुर्की ही नहीं, अडानी ग्रुप ने चीन की यात्रा सेवा कंपनी DragonPass से भी अपने समझौते को रद्द कर दिया है। ड्रैगनपास, एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस और अन्य ट्रैवल सुविधाएं देती है, लेकिन अब अडानी द्वारा संचालित एयरपोर्ट्स पर ड्रैगनपास के ग्राहक लाउंज की सुविधा नहीं ले पाएंगे। अडानी ग्रुप के प्रवक्ता ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
सेलेबी की सफाई और विवाद
सेलेबी कंपनी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए खुद को तुर्की की कंपनी मानने से इनकार किया है और कहा कि उसका किसी भी राजनीतिक एजेंडे या विदेशी सरकार से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि वे कॉर्पोरेट गवर्नेंस और अंतरराष्ट्रीय मानकों का पूरी तरह पालन करते हैं। हालांकि, भारत सरकार द्वारा सुरक्षा मंजूरी रद्द किए जाने के बाद इस दावे की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। International News