
ईरान की सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवाद पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात संगठन जैश अल-अदल को बड़ा नुकसान पहुँचाया है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स ( IRGC ) की ग्राउंड फोर्स के कुद्स बेस ने सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में तीन अभियानों के दौरान 13 आतंकियों को मार गिराया। इनमें जैश अल-अदल के आठ लड़ाके शामिल बताए जा रहे हैं। ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, बुधवार तड़के ईरानशहर, खाश और सरवन इलाकों में खुफिया एजेंसियों की मदद से यह कार्रवाई की गई। इस दौरान कई आतंकियों को गिरफ्तार भी किया गया। Hindi News
फराजा (ईरान की कानून प्रवर्तन एजेंसी) के प्रवक्ता जनरल सईद मोंताजरलमाहदी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने ईरानशहर के ‘दमन’ पुलिस स्टेशन पर हाल में हुए हमले में शामिल आठ आतंकवादियों को ढेर कर दिया। इस हमले में कई पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। जनरल ने कहा कि आतंकियों के पास से हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा भी जब्त हुआ है।
गौरतलब है कि 22 अगस्त को सशस्त्र आतंकियों ने खाश-ईरानशहर मार्ग पर दो पुलिस गश्ती दलों पर घात लगाकर हमला किया था, जिसमें पांच पुलिस अधिकारी शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी जैश अल-अदल ने ली थी। बुधवार की कार्रवाई को उसी हमले का करारा जवाब माना जा रहा है। Hindi News