Big Breaking: नेपाल के PM केपी शर्मा ओली ने दिया इस्तीफा
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 07:14 AM
नेपाल में पिछले कई दिनों से जारी भारी जनविरोध और सरकार के भीतर गहराते संकट के बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया बैन के खिलाफ उठे Gen-Z आंदोलन और उसके बाद भड़की हिंसा में 20 से अधिक लोगों की मौत के बाद प्रधानमंत्री पर इस्तीफे का दबाव बढ़ता जा रहा था। सहयोगी दलों की नाराजगी, मंत्रियों के इस्तीफे और जनता के आक्रोश को देखते हुए ओली ने अंततः पद छोड़ने का फैसला किया।
प्रदर्शनकारियों का घुसपैठ
नेपाल में जारी राजनीतिक उथल-पुथल अब पूर्ण संकट का रूप ले चुकी है। राजधानी काठमांडू समेत कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन, आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। सबसे गंभीर मामला राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल के निजी आवास से सामने आया जहां प्रदर्शनकारियों ने घुसपैठ कर तोड़फोड़ की और आग लगा दी।
नेताओं के घरों पर भी हमले
इससे पहले प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुवीर महासेठ और माओवादी प्रमुख पुष्प कमल दहल प्रचंड के घरों पर भी भीड़ ने हमला किया। हालात इतने तनावपूर्ण हैं कि अब तक PM सहित गृहमंत्री रमेश लेखक, कृषि मंत्री रामनाथ अधिकारी, स्वास्थ्य मंत्री प्रदीप पौडेल सहित पांच मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं।
पूरे देश में फैल रहा आंदोलन
सरकार ने कई शहरों में कर्फ्यू और सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की है, लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे। आंदोलन अब सिर्फ काठमांडू तक सीमित नहीं रहा यह देश के अन्य प्रमुख शहरों तक फैल चुका है।