नेपाल में बवाल के बाद कहां छिपे बैठे हैं केपी ओली? हुआ बड़ा खुलासा!
भारत
चेतना मंच
19 Sep 2025 10:00 AM
नेपाल में हाल ही में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद राजनीतिक हालात पूरी तरह से बदल गए हैं। जनआक्रोश के बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को न केवल अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा बल्कि अपनी जान बचाने के लिए उन्हें सेना की शरण लेनी पड़ी। करीब 9 दिन तक सेना की कड़ी सुरक्षा में रहने के बाद अब उन्हें एक गुप्त स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है। KP Sharma Oli
कहां छिपे थे केपी शर्मा ओली?
सूत्रों के मुताबिक, ओली को शुरू में काठमांडू के उत्तर में स्थित शिवपुरी वन क्षेत्र की सेना बैरक में रखा गया था। यहीं उन्होंने बीते 9 दिन बिताए। अब उन्हें यहां से हटाकर एक निजी स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है जिसकी सटीक लोकेशन सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि ओली काठमांडू से करीब 15 किलोमीटर पूर्व में भक्तपुर जिले के गुंडू इलाके में एक निजी घर में रह रहे हैं।
क्यों भागना पड़ा ओली को?
9 सितंबर को हुए Gen-Z आंदोलन के दौरान स्थिति बेकाबू हो गई थी। राजधानी समेत कई हिस्सों में प्रदर्शनकारियों ने सरकारी इमारतों और नेताओं के आवासों को निशाना बनाया। ओली के भक्तपुर स्थित निजी निवास को भी आग के हवाले कर दिया गया। उस समय ओली प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास में थे। हालात बिगड़ते देख सेना ने उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।केपी शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद नेपाल की पहली महिला चीफ जस्टिस रह चुकीं सुशीला कार्की को देश का नई प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है। उनका चयन संकट की इस घड़ी में स्थिरता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मकसद से किया गया है।
कई दिग्गज नेता भी सेना की सुरक्षा में
इस राजनीतिक तूफान में केवल ओली ही नहीं, बल्कि अन्य कई वरिष्ठ नेता भी प्रभावित हुए। पूर्व प्रधानमंत्री पुष्पकमल दहल ‘प्रचंड’, शेर बहादुर देउबा, झालानाथ खनल और माधव कुमार नेपाल जैसे नेताओं को भी सेना की सुरक्षा में कुछ समय बिताना पड़ा। शेर बहादुर देउबा और उनकी पत्नी, पूर्व विदेश मंत्री अराजू राणा देउबा, अभी भी सेना की सुरक्षा में हैं और अस्पताल में इलाजरत हैं।
क्या 19 सितंबर को पार्टी कार्यक्रम में दिखेंगे ओली?
इस बीच, ओली की पार्टी सीपीएन-यूएमएल 19 सितंबर को संविधान दिवस के मौके पर ललितपुर के च्यासल में एक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि ओली इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे या नहीं। पार्टी का केंद्रीय कार्यालय इसी क्षेत्र में है, लेकिन सुरक्षा कारणों से ओली की मौजूदगी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। KP Sharma Oli