
कभी श्रीलंका की सत्ता की कमान संभाल चुके रानिल विक्रमसिंघे अब आरोपों के घेरे में हैं। सरकारी धन के दुरुपयोग के मामले में CID ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी न सिर्फ श्रीलंका की राजनीति को हिला रही है, बल्कि देश के इतिहास में भी पहली बार किसी पूर्व राष्ट्रपति के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हुई है। Sri Lanka News
यह मामला सितंबर 2023 का है, जब विक्रमसिंघे अपनी पत्नी प्रोफेसर मैत्री विक्रमसिंघे के साथ लंदन गए थे। उनकी पत्नी ने वॉल्वरहैम्प्टन यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शिरकत की थी। आरोप है कि इस यात्रा और सुरक्षा इंतज़ामात पर सरकारी खजाने से खर्च किया गया। पूर्व राष्ट्रपति ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनकी पत्नी ने पूरा निजी खर्च स्वयं उठाया। उनका दावा है कि किसी भी सार्वजनिक धन का गलत इस्तेमाल नहीं हुआ।
इससे पहले CID ने विक्रमसिंघे की पूर्व निजी सचिव सैंड्रा परेरा और तत्कालीन राष्ट्रपति सचिव समन एकनायके के बयान दर्ज किए थे। ये बयान अदालत में साक्ष्य के तौर पर पेश किए गए। ताजा घटनाक्रम में पूर्व राष्ट्रपति से करीब चार घंटे तक पूछताछ की गई और उसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। एजेंसी सूत्रों का कहना है कि विक्रमसिंघे को आज शाम तक फोर्ट मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जा सकता है।
गौरतलब है कि श्रीलंका के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी पूर्व राष्ट्रपति को गिरफ्तार किया गया है। विक्रमसिंघे ने जुलाई 2022 में गोटबाया राजपक्षे के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति पद संभाला था। हालांकि, सितंबर 2024 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। Sri Lanka News