लॉस एंजिल्स में आग का तांडव, 16 मरे 12000 से ज्यादा घर तबाह
Los Angeles Fire
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 09:26 AM
Los Angeles Fire : पिछले हफ्ते से लॉस एंजिल्स के जंगलों में लगी आग ने इतना बिकराल रूप धारण कर लिया है कि हॉलीवुड के तमाम स्टारों के मकान सहित 12,000 से अधिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है। अभी तक इस आग में जलकर मरने वालों की संख्या 16 हो चुकी है। अमेरिका के सबसे अधिक आबादी वाले काउंटी लॉस एंजिल्स के जंगलों में लगी भीषण आग के कारण हालात और खराब होने की चेतावनी जारी की गई है। आग के कारण स्कूल बंद हो गए हैं। आग पर अभी तक काबू नहीं पाया जा सका है और इसके कारण यहां से दूर दराज इलाकों तक अफरा तफरी मची हुई है।
स्कूल बंद कर दिए गए
इस आग की चपेट में जो लोग या संपत्ति आई वह तो नष्ट हो ही गई है। लेकिन इससे वायु गुणवत्ता पर जो संकट आएगा वो इससे भी ज्यादा घातक हो सकता है। इसीलिए संयुक्त राज्य अमेरिका के दूसरे सबसे बड़े पब्लिक स्कूल डिस्ट्रिक्ट, लॉस एंजिल्स यूनिफाइड स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने छात्रों और कर्मचारियों को खतरनाक वायु गुणवत्ता से बचाने के लिए गुरुवार और शुक्रवार को स्कूल बंद कर दिए। अधीक्षक अल्बर्टो कार्वाल्हो ने कहा कि स्कूल में जोखिम ज्यादा है। यह श्वसन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे बच्चों के लिए हानिकारक हो सकता है। हालात अभी और बिगड़ेंगे, इस भयावह हालात को सुधरने में अभी काफी समय लगेगा।
इलाका खाली कराया, जीवन अस्त-व्यस्त
आग जहां लगी है उसके आसपास का इलाका भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से खाली करवा लिया गया है। पैसिफिक पैलिसेड्स निवासी केनेथ नाम के एक वहां के निवासी ने बताया, हमें इलाका खाली करना पड़ा, इसलिए हमारा जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पूरा शहर ठप है, लेकिन कम से कम हम अभी भी जीवित हैं। इस भयावह और दर्दनाक स्थित की हमने या किसीने भी जो इसे भुगत रहे हैं उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी।
आग से बर्बाद हो गए स्कूल-घर
वर्तमान समय में, लॉस एंजिल्स काउंटी के छह जंगलों की आग अभी भी जल रही है, जिससे लगभग 36,000 एकड़ जमीन राख हो गई। इस आग ने पैलिसेड्स इलाके में अब तक 21,300 एकड़ से अधिक भूमि को जला दिया है और 5,300 से अधिक इमारतों को नुकसान पहुंचाया है। लॉस एंजिल्स के पूर्वी हिस्से में, ईटन कैन्यन और हाईलैंड पार्क में आग लगने से स्कूल और घर प्रभावित हुए है। दो प्राथमिक स्कूलों और पैलिसेड्स चार्टर हाई स्कूल के कुछ हिस्सों को नुकसान होने की रिपोर्ट है। ईटन की आग ने लगभग 14,000 एकड़ भूमि को नष्ट कर दिया है और 5,000 से अधिक इमारतों को भारी नुकसान हुआ है। इस बीच, मनोरंजन उद्योग आग, बिजली कटौती और जहरीली हवा से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस वजह से कई फिल्म और टीवी शूट रद्द कर दिए गए हैं। इसके साथ ही कई प्रीमियर और कार्यक्रम भी रद्द करने पड़े हैं। वहां का सारा जीवन अव्यवस्थित हो गया है, लोगों में एक भय घर कर गया है। आग की विभीषिका का जितना भी वर्णन किया जाए वो कम है।
लौट सकती हैं तेज सेंटा ऐना हवाएं, होगी मुसीबत
अभी तो आग प्रभावित इलाकों में हल्की हवाएं चल रही हैं, लेकिन राष्ट्रीय मौसम सेवा ने चेतावनी जारी की है कि अग्निशामकों के लिए मुश्किलें खड़ी करने वालीं तेज सेंटा ऐना हवाएं जल्द ही लौट सकती हैं। बताया जा रहा है कि इन हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिसने लॉस एंजिलिस और आसपास के पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में लेकर नष्ट कर दिया है। सबसे परेशानी यह भी है कि लॉस एंजिलिस में आठ महीनों से अधिक समय से कोई खास बारिश नहीं हुई है। आग के कारण अंतरराज्यीय राजमार्ग 405 पर भी खतरा मंडरा रहा है जो इस क्षेत्र से होकर गुजरने वाला मुख्य यातायात मार्ग है। लॉस एंजिलिस काउंटी के शेरिफ रॉबर्ट लूना ने बताया कि विनाश को रोकने का काम शनिवार को भी जारी रहा और टीमें शवों को खोजने वाले कुत्तों की मदद से खोजी अभियान चला रही हैं।
अब तक 145 वर्ग किमी जमीन को आग ने अपनी चपेट में ले लिया है। उन्होंने निवासियों से कर्फ्यू का पालन करने का आग्रह किया
है, ताकि बचाव कार्य में अन्य कोई बाधा न आए।
अब तक 150 अरब डॉलर का नुकसान
इतने बड़ एरिया में आग लगने पर संपत्ति का बड़े पैमाने पर नुकसान होना एक आम बात है। एक प्रारंभिक अनुमान के अनुसार अब तक 135 अरब अमेरिकी डॉलर से लेकर 150 अरब अमेरिकी डॉलर के बीच नुकसान हो चुका है। अल्टाडेना के निवासी जोस लुइस गोडिनेज ने बताया कि उनके परिवार के 10 से ज्यादा सदस्यों के तीन घर नष्ट हो गए। उन्होंने कहा, 'सब कुछ खत्म हो गया है। मेरा पूरा परिवार उन तीन घरों में रहता था और अब हमारे पास कुछ भी नहीं है। जले हुए घरों में लौट रहे लोगों को अधिकारियों ने आगाह किया है। कुछ निवासी मलबे से अपनी यादगार चीजें ढूंढने के लिए वापस आ रहे हैं। शनिवार को अधिकारियों ने उन्हें चेतावनी देते हुए कहा कि राख में सीसा, आर्सेनिक, एस्बेस्टस और अन्य हानिकारक पदार्थ हो सकते हैं। थॉमस ने कहा कि क्षतिग्रस्त संपत्तियों के मूल्यांकन के बाद निवासियों को सुरक्षात्मक उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए लौटने की अनुमति दी जाएगी।