बांग्लादेश में बड़ा विमान हादसा, इमारत पर गिरा फाइटर जेट
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 05:23 PM
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 05:23 PM
Plane Crash: बांग्लादेश की वायु सेना का एक ट्रेनिंग फाइटर जेट सोमवार को राजधानी ढाका के उत्तरा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब एफ-7 विमान उड़ान अभ्यास के दौरान संतुलन खो बैठा और माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज की इमारत से जा टकराया। टक्कर के बाद विमान में जोरदार विस्फोट हुआ और आग लग गई।
एक नागरिक की मौत
दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है जबकि कई अन्य के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के वक्त स्कूल परिसर में कुछ स्टाफ मौजूद थे जिससे नुकसान की आशंका और बढ़ गई। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बांग्लादेश एयरफोर्स ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि यह एक नियमित ट्रेनिंग मिशन था। सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। इमारत में लगी आग पर काबू पा लिया गया है।
दियाबारी इलाके में मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद दियाबारी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान तेज आवाज के साथ नीचे आया और सीधे स्कूल की इमारत से जा टकराया। टक्कर के तुरंत बाद तेज धमाका हुआ और काले धुएं का गुबार उठता दिखा। वायु सेना ने इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि तकनीकी खराबी थी या मानवीय चूक। हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट के बाद होगा।