Meta ने एक साथ निकाले 600 कर्मचारी, क्यों उठाया गया ये बड़ा कदम?
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:23 AM
सोशल मीडिया जायंट Meta (Facebook, Instagram और WhatsApp की पैरेंट कंपनी) ने अपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) यूनिट में बड़े स्तर पर बदलाव की घोषणा की है। कंपनी ने अपने AI विभाग से 600 कर्मचारियों को निकालने का निर्णय लिया है। Meta के प्रवक्ता ने बताया कि यह कदम टीम को अधिक कुशल बनाने और काम की गति तेज करने के लिए उठाया गया है। Meta Layoffs 2025
Meta के चीफ AI ऑफिसर अलेक्जेंडर वांग की ओर से जारी एक मेमो में यह जानकारी दी गई। अलेक्जेंडर वांग को इस साल जुलाई में हायर किया गया था जब कंपनी ने Scale AI में 14.3 अरब डॉलर का निवेश किया।
कौन-कौन प्रभावित होंगे?
इस छंटनी का असर मुख्य रूप से Meta की AI इंफ्रास्ट्रक्चर यूनिट्स, फंडामेंटल AI रिसर्च यूनिट और अन्य प्रोडक्ट-रिलेटेड पोजिशन पर पड़ेगा। हालांकि, TBD Labs के कर्मचारियों पर इसका कोई असर नहीं होगा। Meta की सुपर इंटेलिजेंस लैब में इस साल कई टॉप-लेवल AI कर्मचारी हायर किए गए थे जिनकी टीम को फिलहाल बनाए रखा जाएगा। मेटा ने यह निर्णय इसलिए लिया कि AI यूनिट में कर्मचारियों की संख्या बहुत बढ़ चुकी थी। सुपर इंटेलिजेंस लैब के लिए भारी हायरिंग के कारण टीम का आकार बढ़ गया था और अब कंपनी इस टीम को संकुचित और अधिक प्रभावी बनाना चाहती है।
छंटनी के बाद कर्मचारियों की स्थिति
छंटनी के बाद Meta Superintelligence Labs में कर्मचारियों की संख्या लगभग 3000 से कम रह जाएगी। कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों को बताया कि उनका अंतिम कार्यदिवस 21 नवंबर होगा। इस दौरान उनका इंटरनल एक्सेस बंद कर दिया जाएगा और उन्हें मेटा के लिए कोई कार्य नहीं करना होगा। Meta का सुझाव है कि यह समय कर्मचारी अपने लिए कंपनी के भीतर दूसरा काम खोजने में उपयोग करें।
Meta हाल के महीनों में अपनी AI रणनीति में तेजी से बदलाव कर रहा है। कंपनी OpenAI और Google जैसे प्रतियोगियों को टक्कर देने के लिए AI में निवेश और हायरिंग कर रही है लेकिन बढ़ती टीम साइज और कार्यभार के कारण छंटनी जरूरी हो गई। Meta Layoffs 2025