सैटेलाइट इंटरनेट से पहले मस्क की डिजिटल गिफ्ट, सस्ता हुआ ब्लू टिक
भारत
चेतना मंच
12 Jul 2025 11:00 AM
Elon Musk : भारत में जल्द लॉन्च होने जा रही सैटेलाइट इंटरनेट सेवा से पहले एलन मस्क (Elon Musk) ने भारतीय यूजर्स को एक बड़ा तोहफा दिया है। उनकी कंपनी X (पूर्व में ट्विटर) ने भारत में अपने प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान्स (Premium Subscription Plans) की कीमतों में 47% तक की भारी कटौती की है। अब बेसिक प्लान ₹170 प्रति माह से शुरू हो रहा है जो पहले ₹244 था। वहीं प्रीमियम प्लान की कीमत ₹650 से घटकर ₹427 हो गई है और सबसे महंगे प्रीमियम+ की कीमत अब ₹2,570 प्रति माह है जो पहले ₹3,470 थी। यह पहली बार है जब कंपनी ने अपनी तीनों कैटेगरी बेसिक, प्रीमियम और प्रीमियम+ की दरों में इतनी बड़ी छूट दी है।
X को पॉपुलर बनाने की साजिश या कुछ और?
दिलचस्प बात यह है कि ये कटौती xAI द्वारा Grok 4 नामक नए एआई मॉडल के लॉन्च के अगले ही दिन की गई है। बता दें, मार्च 2025 में मस्क की AI कंपनी xAI ने X को 33 बिलियन डॉलर के वैल्यूएशन पर खरीदा था। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम भारत में X को और अधिक पॉपुलर बनाने और यूजर बेस बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है, खासकर ऐसे समय में जब मस्क की Starlink कंपनी भारत में सैटेलाइट इंटरनेट की शुरुआत की ओर बढ़ रही है।
यूजर्स को मिलते हैं शानदार फीचर
नए सब्सक्रिप्शन में यूजर्स को कई शानदार फीचर्स मिलते हैं जैसे पोस्ट एडिट करने की सुविधा, लंबी पोस्ट और वीडियो अपलोड करने का विकल्प, विज्ञापन-मुक्त एक्सपीरियंस (प्रीमियम+ में) और AI-सक्षम टूल्स तक पहुंच। वहीं, मोबाइल ऐप्स पर इन प्लान्स की कीमतें थोड़ी अधिक हैं, क्योंकि Google और Apple के इन-ऐप कमीशन को शामिल किया गया है। उदाहरण के लिए, मोबाइल पर प्रीमियम+ की कीमत ₹3,000 है, जबकि iOS पर यह ₹5,000 प्रति माह तक जाती है।
डिजिटल एक्सपीरियंस को बनाया जा रहा और किफायती
कुल मिलाकर ये रेट कट भारतीय यूजर्स के लिए डिजिटल एक्सपीरियंस को और किफायती बना रहे हैं। एलन मस्क के नेतृत्व में X अब सिर्फ एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि एआई, कंज्यूमर टेक्नोलॉजी और डिजिटल कंटेंट का हब बनता जा रहा है। ऐसे में आने वाले समय में भारत जैसे तेजी से बढ़ते डिजिटल बाजार में यह कदम बड़ी भूमिका निभा सकता है।