
म्यांमार के रखाइन राज्य में सक्रिय विद्रोही सशस्त्र संगठन अराकान आर्मी का एक जवान सोमवार सुबह बांग्लादेश के कॉक्स बाजार जिले के उखिया इलाके में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (B G B) के सामने आत्मसमर्पण कर गया। बीजीबी अधिकारियों के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले इस जवान का नाम जिबोन टोनचोंग्या है और उसकी उम्र 21 वर्ष बताई गई है। Bangladesh News
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, जिबोन ने करीब सुबह 9 बजे अपनी AK-47 राइफल, दो मैगजीन और 52 राउंड गोलाबारूद के साथ बीजीबी को समर्पण किया। बीजीबी के अनुसार, जिबोन म्यांमार के मौंगडॉ टाउनशिप के एक शिविर से भागकर बांग्लादेश में घुसा था। उसने दावा किया कि उसका घर बांग्लादेश के बंदरबन जिले के नाइखोंगछारी उपजिले के गोरजबोनिया गांव में है।
B G B उखिया बटालियन-64 के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल मोहम्मद जसीम उद्दीन ने संवाददाताओं को बताया कि जिबोन ने खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताया है, जिसकी पहचान और नागरिकता की पुष्टि की जा रही है। पूछताछ के दौरान जिबोन ने बताया कि वह सुरक्षा संबंधी खतरे के कारण शिविर से भागा है। इसके अलावा उसने खुलासा किया कि अराकान आर्मी के करीब 300 और सदस्य भी उसी शिविर से फरार हो चुके हैं, जिनमें से कुछ बांग्लादेश में घुसपैठ कर सकते हैं। बीजीबी ने बताया कि जिबोन को हथियारों और गोलाबारूद के साथ हिरासत में लेकर उखिया पुलिस स्टेशन को सौंपा जा रहा है। सीमा पर निगरानी कड़ी कर दी गई है ताकि आगे की घुसपैठ को रोका जा सके।
वहीं, स्थानीय सूत्रों की मानें तो रविवार रात लगभग 10 बजे सीमा के पार रखाइन राज्य के नाइखोंगछारी के घुमधुम इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी हुई। बीजीबी कॉक्स बाजार बटालियन-34 के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल एसएम खैरुल आलम के मुताबिक, यह झड़प शून्य रेखा से लगभग 300 मीटर दूर हुई। इस मुठभेड़ के अराकान आर्मी और अराकान साल्वेशन आर्मी या अराकान रोहिंग्या सॉलिडेरिटी ऑर्गनाइजेशन के बीच होने की संभावना जताई जा रही है।
Bangladesh News