काठमांडू में Gen Z का हंगामा, संसद तक पहुंचे प्रदर्शनकारी, कर्फ्यू लागू
भारत
चेतना मंच
08 Sep 2025 02:13 PM
नेपाल की राजधानी काठमांडू में सोशल मीडिया बैन के विरोध में चल रहे युवा आंदोलन ने अचानक हिंसक रूप ले लिया है। सोमवार को हजारों की संख्या में युवा सड़कों पर उतरे और संसद भवन की ओर कूच करने लगे। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और प्रशासन ने कर्फ्यू लागू कर दिया।Kathmandu News
क्यों भड़का आंदोलन?
नेपाल सरकार ने हाल ही में देश में फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, व्हाट्सऐप और स्नैपचैट जैसे प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगा दिया है। सरकार का तर्क है कि यह कदम डिजिटल अनुशासन और फर्जी सूचनाओं पर नियंत्रण के तहत उठाया गया है। हालांकि, युवाओं का कहना है कि यह प्रतिबंध उनकी अभिव्यक्ति की आजादी पर सीधा हमला है। Kathmandu News
Gen Z की अगुवाई में सड़कों पर उतरा विरोध
इस आंदोलन की कमान नेपाल की नई पीढ़ी यानी Gen Z के हाथ में है। शुरुआत में विरोध शांतिपूर्ण था लेकिन जैसे ही प्रदर्शनकारी संसद परिसर की ओर बढ़े माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की और संसद भवन के मुख्य द्वार तक पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई शुरू की।
कर्फ्यू का ऐलान
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए काठमांडू जिला प्रशासन ने राजधानी के न्यू बानेश्वर इलाके में दोपहर 12:30 बजे से रात 10 बजे तक कर्फ्यू लगा दिया है। काठमांडू के मुख्य जिला अधिकारी छाबीलाल रिजाल ने कहा कि यह कर्फ्यू Nepal Local Administration Act की धारा 6 के तहत लागू किया गया है, ताकि सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखी जा सके।
प्रदर्शन कर रहे युवाओं का कहना है कि सोशल मीडिया बैन के अलावा वे सरकार की भ्रष्ट नीतियों और पारदर्शिता की कमी से भी नाराज हैं। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “सरकार हमारी आवाज दबा रही है। सोशल मीडिया हमारे लिए सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि एक माध्यम है सवाल पूछने का, सच्चाई जानने का, एक-दूसरे से जुड़ने का।” Kathmandu News