जब ओवैसी ने पाकिस्तान को सुनाई खरी-खरी, "दूल्हा भाई" से लेकर "भीखमंगे" तक कह डाला
Owaisi's Statement
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:23 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:23 AM
Owaisi's Statement : अक्सर भारत की राजनीति में मुस्लिम मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखने वाले आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक बार फिर पाकिस्तान को तीखा जवाब दिया है। मौका था 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले का, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई। ओवैसी ने इस हमले की निंदा करते हुए पाकिस्तान को सीधे निशाने पर लिया और उसके दोगले रवैये, आर्थिक कंगाली, और धार्मिक पाखंड पर करारा हमला बोला। ओवैसी द्वारा कहे गए प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं।
1. "अब मैं पाकिस्तान का दूल्हा भाई हूं", व्यंग्य में भी कटाक्ष
जब एक पत्रकार ने ओवैसी को बताया कि वह पाकिस्तानी सोशल मीडिया में निशाने पर हैं, तो उन्होंने जवाब दिया कि "अब मैं पाकिस्तान का दूल्हा भाई हूं। इतना बोलने वाला, इतना सुंदर इंसान और कौन दिखेगा उन्हें?"। यह बयान एक मजाकिया अंदाज में दिया गया जरूर था, लेकिन इसके पीछे पाकिस्तान की असहिष्णुता और आलोचना न सह पाने की मानसिकता पर कटाक्ष साफ झलकता है।
2. "पाकिस्तान आॅफिशियल भीखमंगे हैं", आर्थिक बदहाली पर हमला
जब पाकिस्तान ने कतर से 1 अरब डॉलर का बेलआउट पैकेज लिया, तो ओवैसी ने कहा कि "ये आॅफिशियल भीखमंगे हैं... कतर आईएमएफ नहीं है, ये पाकिस्तान को इंटरनेशनल मिलिटेंट फंड दे रहे हैं।" उन्होंने यह भी पूछा कि "अमेरिका, जापान और जर्मनी जैसे देश इस पर कैसे सहमत हो सकते हैं?" और पाकिस्तानी नेतृत्व की आर्थिक नासमझी पर सवाल खड़े किए।
3. "ये बेवकूफ जोकर्स हैं", पाक सेना पर सीधा वार
ओवैसी ने पाक सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को भी नहीं छोड़ा, जिन्होंने पीएम शहबाज शरीफ को एक 2019 के चीनी सैन्य अभ्यास की तस्वीर भेंट की थी और उसे भारत पर "जीत" का प्रतीक बताया।
"ये बेवकूफ जोकर्स भारत से मुकाबला करना चाहते हैं... पाकिस्तान को नकल करने के लिए भी अक्ल नहीं है, और वो भी इनके पास नहीं है।"
4. भारत में मुसलमान ज्यादा हैं", धार्मिक दावे की काट
पाकिस्तान अक्सर इस्लाम के संरक्षक बनने की कोशिश करता है, लेकिन ओवैसी ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि
"पाकिस्तान यह नहीं कह सकता कि वो मुसलमानों का देश है... भारत में मुसलमानों की आबादी उनसे कहीं अधिक है।"
यह बयान पाकिस्तान की धार्मिक राजनीति और भारत के बहुसांस्कृतिक समाज की तुलना में दिया गया था।
5. "मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला से आतंकवाद", अंतरराष्ट्रीय चेतावनी
ओवैसी ने पाकिस्तान द्वारा मध्य पूर्व हवाला नेटवर्क और मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए भारत में आतंकवाद फैलाने की कोशिशों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान को फिर से एफएटीएफ की ग्रे लिस्ट में डालने का आग्रह किया। "यह तथ्य है कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकी समूहों को फंड करता है... हवाला सिस्टम का दुरुपयोग करता है।"
भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय संदेश
ओवैसी भारत सरकार के उस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा भी हैं, जिसमें भाजपा सांसद जयंत पांडा, निशिकांत दुबे, रेखा शर्मा, गुलाम नबी आजाद और पूर्व राजदूत हर्ष श्रृंगला जैसे लोग शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और अल्जीरिया के नेताओं से मिलकर भारत का पक्ष रख रहा है। खासकर सीमा पार आतंकवाद और 22 अप्रैल के पहलगाम हमले के संदर्भ में। ओवैसी का यह पाकिस्तान पर हमला सिर्फ शब्दों का खेल नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की कूटनीति को मजबूत करने की दिशा में एक राजनीतिक हस्तक्षेप है। उनके बयानों में जहाँ एक तरफ कटाक्ष है, वहीं दूसरी तरफ तथ्यों की गहराई भी है, जो पाकिस्तान की नीतियों को उजागर करती है।