तेहरान में हुए एक अहम राजनयिक मुलाकात में पाकिस्तान के गृह मंत्री सैयद मोहसिन नकवी का बदला रुख अब सुर्खियों में है। हाल ही तक अफगानिस्तान पर सख्त बयान देने वाले नकवी, अब उसी देश के उप गृह मंत्री मोहम्मद इब्राहीम सदर के सामने झुके नजर आए। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी (जो इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़ी है) द्वारा जारी एक वीडियो में नकवी को अफगान मंत्री के सामने बेहद नरम लहजे में कहते सुना जा सकता है। मतभेद तो हर घर में होते हैं, लेकिन हमें रिश्ते बिगाड़ने नहीं देने चाहिए। यह बयान उस समय आया है जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। Pak-Afghan Conflict :
तनाव की जड़, सीमा पार से हमले
दरअसल, पाकिस्तान ने हाल ही में दावा किया था कि अफगानिस्तान की जमीन से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकियों ने कई हमले किए हैं। इस्लामाबाद का आरोप है कि काबुल की तालिबान सरकार इन आतंकियों को पनाह दे रही है, जबकि अफगान पक्ष इसे सिरे से खारिज करता रहा है। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार का कहना है कि पाकिस्तान अपनी नाकामी का ठीकरा दूसरों पर फोड़ रहा है। इसी तनाव के बीच पाकिस्तान ने सीमा पार से सैकड़ों अफगान शरणार्थियों को वापस भेज दिया, जिससे रिश्ते और बिगड़ गए।
तेहरान में सॉफ्ट डिप्लोमेसी
तेहरान में अफगान प्रतिनिधिमंडल से हुई मुलाकात में मोहसिन नकवी ने न केवल सुर बदले, बल्कि कहा कि अफगानिस्तान हमारा भाईचारा देश है। छोटी-मोटी बातों को बढ़ाना किसी के हित में नहीं। पाकिस्तानी गृह मंत्री के इस रुख को विशेषज्ञ डैमेज कंट्रोल की कोशिश बता रहे हैं। विश्लेषकों का कहना है कि पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ रहा है कि वह अफगानिस्तान से अपने रिश्तों को सुधारने के लिए संवाद का रास्ता अपनाए।
रिश्तों की खटास कब से है?
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के रिश्तों में खटास नई नहीं है। 1979 में सोवियत आक्रमण के बाद से दोनों देशों के बीच सीमा विवाद, आतंकवाद और शरणार्थी मुद्दे को लेकर खींचतान चलती रही है। खासकर ड्यूरंड लाइन पर सीमा निर्धारण को लेकर दोनों देशों में कभी सहमति नहीं बन पाई। तेहरान में मोहसिन नकवी का मतभेद तो हर घर में होते हैं वाला बयान कूटनीति की भाषा में नरमी और स्वीकारोक्ति दोनों का संकेत देता है। विश्लेषकों का कहना है कि पाकिस्तान के आर्थिक संकट और आंतरिक अस्थिरता ने उसे अब टकराव की जगह संवाद की ओर धकेला है। Pak-Afghan Conflict