
Asim Munir : पाकिस्तान के सेना प्रमुख और हाल ही में फील्ड मार्शल की पदवी से नवाजे गए जनरल सैयद आसिम मुनीर एक बार फिर अपने भड़काऊ बयान को लेकर चर्चा में हैं। अमेरिका दौरे पर गए मुनीर ने वॉशिंगटन में रह रहे पाकिस्तानी प्रवासियों के सामने ऐसा भाषण दिया, जो न केवल भारत विरोध से भरा था, बल्कि क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर चिंता भी बढ़ाता है। अपने संबोधन में उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि पाकिस्तान 1971 में भारत से मिली सैन्य हार को नहीं भूला है और वह इसका जवाब "भारत को तोड़कर" देगा। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब दक्षिण एशिया में भूराजनीतिक तनाव पहले से ही ऊंचाई पर है।
पाकिस्तानी पत्रकार एजाज सैयद ने एक टेलीविजन चर्चा में खुलासा किया कि आसिम मुनीर ने अमेरिका में दिये अपने भाषण में 1971 की हार का बदला लेने की बात दोहराई। वहीं, वॉशिंगटन में मौजूद पाकिस्तानी नागरिक नोमान मुगल ने भी दावा किया कि मुनीर ने कहा, "हमने चीन के साथ मिलकर भारत के खिलाफ जंग लड़ी है।"
मुनीर ने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ पांच स्तरों पर युद्ध छेड़ा है—इनमें साइबर युद्ध, ड्रोन ऑपरेशन और रेलवे नेटवर्क हैकिंग जैसे संवेदनशील दावे शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तानी हैकरों ने भारत के 70% पावर ग्रिड को हैक कर बंद कर दिया था और ड्रोन दिल्ली तथा गुजरात तक पहुंच चुके थे। हालांकि, इन गंभीर आरोपों को लेकर कोई स्वतंत्र प्रमाण या तकनीकी रिपोर्ट अब तक सामने नहीं आई है, और भारत सरकार की ओर से भी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
मुनीर ने अपने भाषण में स्वीकार किया कि भारत के खिलाफ संघर्ष में पाकिस्तान को चीन से हथियार और रक्षा उपकरण प्राप्त हुए। उनका कहना था कि पाकिस्तानी सेना ने इन हथियारों का इस तरह इस्तेमाल किया कि खुद चीन भी उनकी तैयारी से प्रभावित हुआ। अपने भाषण के दौरान उन्होंने आतंकवाद की जड़ों के लिए अप्रत्याशित रूप से अमेरिका को ज़िम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में सोवियत हस्तक्षेप के बाद अमेरिका की नीतियों ने पाकिस्तान में ‘जिहादी संस्कृति’ को जन्म दिया, जो आगे चलकर कई आतंकवादी संगठनों का आधार बनी। Asim Munir