
Pakistan : पाकिस्तान के मुलतान शहर से एक सनसनीखेज खबर सामने आयी है। यहां पर स्थित एक अस्पताल की छत पर 200 से ज्यादा शव मिले हैं। हैरत करने वाली बात यह भी है कि यहां पर महिलाओं के नग्न शव भी मिले हैं। कुछ शव तो ऐसी हालत में थे कि उनसे कीड़े निकल रहे थे।
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री के सलाहकार तारिक जमान गुर्जर ने कहा कि मुल्तान के निश्तार अस्पताल के दौरे पर थे, जहां पर एक मुखबिर ने उन्हें अस्पताल की छत पर शव पड़े होने की सूचना दी। तारिक जमान ने जब वहां जाकर देखा तो उन्हें कम से कम 200 शव पड़े मिले। सभी सड़े शरीर (पुरुषों और महिलाओं दोनों के) नग्न थे। यहां तक कि महिलाओं के शरीर भी ढके नहीं थे।
गुर्जर ने कहा कि उन्होंने डॉक्टरों से यह बताने के लिए कहा कि क्या चल रहा था, उन्होंने कहा कि इनका उपयोग मेडिकल छात्रों द्वारा शैक्षिक उद्देश्यों के लिए किया गया। आगे उन्होंने कहा- मैंने मुर्दाघर के अधिकारियों से पूछा- क्या आप इन शवों को बेचते हैं?
एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को मुल्तान के निश्तार अस्पताल के मुर्दाघर की छत पर दर्जनों लावारिस शव पाए गए। छत में पड़े शवों को पाक पंजाब के मुख्यमंत्री के सलाहकार चौधरी जमां गुर्जर ने प्रकाश में लाया, जिसके बाद अस्पताल में दहशत फैल गई।
निश्तार मेडिकल यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता सज्जाद मसूद ने दिल दहला देने वाली घटना पर एक बयान जारी किया और दावा किया कि खुले आसमान के नीचे शव सड़ने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पंजाब के अतिरिक्त मुख्य सचिव दक्षिण साकिब जफर ने एक जांच कमेटी गठित की।