
Pakistan News : चीन में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है और पिछले एक सप्ताह में लाखों लोग कोविड-19 के नए वेरिएंट बीएफ 7 (Omicron BF 7) से संक्रमित हो चुके हैं चीन के एक कदम की वजह से पाकिस्तान में भी कोरोना वायरस की मुसीबत आ सकती है और बड़ी तबाही मच सकती है।
पाकिस्तान के नेशनल कमांड एंड ऑपरेशन सेंटर ने चीन में बढ़ रहे कोविड-19 के नए वेरिएंट बीएफ 7 को बड़ा खतरा बताया है। एनसीओसी ने कहा है कि जीरो-कोविड पॉलिसी खत्म करने के चीन के फैसले ने पाकिस्तान जोखिम में डाल दिया है और पाकिस्तान को नए कोविड-19 वेरिएंट का सामना करना पड़ सकता है।
एनसीओसी ने कहा कि चीन ने लॉकडाउन खत्म कर दिया है और यात्रा पर लगे प्रतिबंधों को भी हटा दिया है। इस वजह से कोविड-19 का नया वेरिएंट पाकिस्तान में आसानी से आ सकता है। एनसीओसी ने बताया कि तीन साल पहले कोरोना महामारी शुरू होने के बाद चीन ने अंकुश लगाया था, जिससे जीरो-कोविड पॉलिसी खत्म करने के साथ ही हटा दिया है।
हालांकि, कोविड-19 के नए वेरिएंट बीएफ 7 के संक्रमण को रोकने के लिए पाकिस्तान ने तैयारी की है, जिसकी जानकारी एनसीओसी ने दी है। एनसीओसी के अधिकारियों ने बताया कि कोरोना के इस वेरिएंट से निपटने के लिए पाकिस्तान पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि पहले भी हमने कोरोना का सामना किया है और अब कोरोना वैक्सीन के कारण जोखिम भी कम है।
एनसीओसी के अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान में 90 प्रतिशत पात्र आबादी कोरोना वायरस संक्रमण से लड़ने के लिए वैक्सीन की डोज ले चुकी है। उन्होंने बताया कि लगभग 95 प्रतिशत आबादी को कोरोना वैक्सीन की कम से कम एक डोज लग चुकी है।
पाकिस्तान के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में करीब 4403 लोगों ने कोरोना वायरस की जांच कराई है. एनआईएच ने बताया कि 24 घंटे में सिर्फ 13 लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं, जिससे पॉजिटिविटी रेट 0.3 प्रतिशत पहुंच गई है।