
Israel Iran War : पश्चिम एशिया एक बार फिर युद्ध की दहलीज पर खड़ा है। इजरायल और ईरान के बीच हालिया सैन्य टकराव ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। अब इस विवाद में पाकिस्तान की ओर से भी कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इजरायल के हवाई हमलों की तीव्र निंदा करते हुए इसे "अस्थिरता को और बढ़ावा देने वाला कदम" बताया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह इजरायली वायुसेना ने ईरान के भीतर कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इस हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) का दावा है कि उनके इस अभियान में ईरान के शीर्ष सैन्य अधिकारी, जिनमें आईआरजीसी (IRGC) प्रमुख, चीफ ऑफ स्टाफ और आपातकालीन कमांड हेड शामिल हैं, मारे गए हैं। IDF ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर साझा किया, “200 से अधिक लड़ाकू विमानों की संयुक्त कार्रवाई में ईरान के प्रमुख सैन्य ठिकानों को सफलतापूर्वक ध्वस्त किया गया है।” साथ ही यह भी बताया गया कि उन्हें खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली है कि ईरान परमाणु हथियार निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
इजरायल के हमले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सार्वजनिक बयान जारी करते हुए लिखा - मैं ईरान पर इजरायली हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। इस हमले में मारे गए लोगों के प्रति मेरी संवेदना है। यह न केवल क्षेत्रीय शांति को खतरे में डालने वाला, बल्कि वैश्विक स्थिरता के लिए भी घातक कदम है। संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आग्रह है कि वे तत्काल हस्तक्षेप कर ऐसे उकसावे भरे कदमों पर रोक लगाएं।
इजरायल के हमलों के कुछ ही घंटों के भीतर ईरान ने भी पलटवार करते हुए इजरायली क्षेत्रों की ओर 100 से ज्यादा सशस्त्र ड्रोन भेजे। IDF के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि सेना इन ड्रोनों को इंटरसेप्ट करने में जुटी है। हालांकि अब तक हुए नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Israel Iran War