आपरेशन सिंदूर के बाद बौखलाए मुनीर ने अब भारत के खिलाफ उगला जहर
भारत
चेतना मंच
18 Oct 2025 05:02 PM
पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने शनिवार को पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी, काकुल में फिर से भड़काऊ बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की बढ़ती सैन्य ताकत भारत की 'भौगोलिक युद्धक्षेत्र की गलत धारणा' को तोड़ सकती है। मुनीर ने स्पष्ट किया कि न्यूक्लियर माहौल में युद्ध के लिए कोई जगह नहीं है, लेकिन भारत की किसी भी छोटी प्रोवोकेशन का जवाब 'निर्णायक और अंदाजे से परे' होगा। Pakistani Threat :
पाकिस्तान का जवाब सैन्य और आर्थिक नुकसान की दृष्टि से कल्पना से परे होगा
मुनीर ने मई में हुए आपरेशन सिंदूर का हवाला देते हुए कहा कि पाकिस्तान की जवाबी स्ट्राइक क्षमता ने संचार और युद्ध क्षेत्रों के बीच का अंतर कम कर दिया है, और हमारी हथियारों की पहुंच भारत की सुरक्षा की गलत धारणाओं को चुनौती दे सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान का जवाब सैन्य और आर्थिक नुकसान की दृष्टि से कल्पना से परे होगा।
पाक की चीन के साथ 'ऐतिहासिक आल-वेदर साझेदारी'
इसके अलावा मुनीर ने पाकिस्तान की क्षेत्रीय भूमिका और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान क्षेत्रीय स्थिरता में योगदान देने वाला देश बनकर उभरा है और चीन, अमेरिका, सऊदी अरब और ईरान के साथ संबंध मजबूत हुए हैं। उन्होंने चीन के साथ 'ऐतिहासिक आॅल-वेदर साझेदारी' और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की 'रणनीतिक नेतृत्व क्षमता' की भी सराहना की।
तालिबान के लगातार हमलों और आंतरिक दबाव के बीच आया बयान
विशेषज्ञों का कहना है कि मुनीर के इस तरह के कड़े बयान पाकिस्तानी सेना पर अफगान सीमा पर तालिबान के लगातार हमलों और आंतरिक दबाव के बीच आए हैं। खैबर पख्तूनख्वा और बलोचिस्तान में कई सैन्य पोस्ट तालिबान के कब्जे में है। हाल ही में मुनीर ने रावलपिंडी में आपात बैठक बुलाई और शीर्ष कमांडरों को भारी खुफिया विफलता और सामरिक नियंत्रण की हानि के लिए फटकार लगाई। मुनीर के बयान पाकिस्तान के आक्रामक रुख और बढ़ते सैन्य तनाव का संकेत हैं, जो क्षेत्रीय स्थिरता के लिए चिंता का विषय बन सकते हैं।