
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय जापान यात्रा के लिए टोक्यो पहुंच चुके हैं। राजधानी में भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात के दौरान मोदी ने उनके स्नेह और योगदान की सराहना की। इस मुलाकात की तस्वीरें और विवरण उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा किए। प्रधानमंत्री ने लिखा, “टोक्यो में भारतीय समुदाय का स्नेह अत्यंत प्रेरणादायक है। यह देखकर खुशी होती है कि वे जापानी समाज में सक्रिय भूमिका निभाते हुए हमारी सांस्कृतिक जड़ों को संजोए रख रहे हैं। PM Modi
आज के दिन मैं व्यापारिक नेताओं से मुलाकात कर भारत-जापान के निवेश और आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा करूंगा।” उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, “भारत और जापान विकास सहयोग की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। इस यात्रा से प्रधानमंत्री इशिबा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचारों का आदान-प्रदान होगा, जिससे हमारी साझेदारी को नई ऊँचाइयों तक ले जाने और सहयोग के नए आयाम खोजने का अवसर मिलेगा।
मोदी ने यात्रा शुरू करने से पहले योमिउरी शिंबुन को लिखित साक्षात्कार में बताया कि भारत रक्षा क्षेत्र में जापान के साथ और गहन सहयोग करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि सुरक्षा सहयोग पर तैयार किए जा रहे संशोधित संयुक्त घोषणापत्र का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुरक्षित और स्थिर बनाना है। संयुक्त घोषणापत्र में अब आर्थिक सुरक्षा, रक्षा उद्योग और तकनीकी सहयोग जैसे नए क्षेत्रों को शामिल किया गया है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के बीच बैठक में इस दस्तावेज का आदान-प्रदान होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “रक्षा सहयोग भारत-जापान के लिए सफलता की कहानी साबित हुआ है। राजनीतिक विश्वास और तकनीकी दक्षता के साथ हम अगली पीढ़ी के रक्षा प्लेटफॉर्म विकसित कर सकते हैं।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत की विशाल क्षमताओं को जापान की उन्नत तकनीक के साथ जोड़कर एक लचीली और भरोसेमंद सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन बनाई जा सकती है, जो द्विपक्षीय साझेदारी का प्रमुख स्तंभ बनेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में शुरू होने वाली हाई-स्पीड रेल परियोजना का विवरण देते हुए कहा कि यह परियोजना जापान की शिंकानसेन प्रणाली पर आधारित होगी। यह रेल नेटवर्क मुंबई और अहमदाबाद को जोड़कर 7,000 किलोमीटर का हाई-स्पीड रेल जाल विकसित करेगा। मोदी ने जापानी कंपनियों की सक्रिय भागीदारी का स्वागत किया।
मोदी 29 अगस्त की सुबह टोक्यो पहुंचे। आज दोपहर वे प्रधानमंत्री इशिबा से मुलाकात करेंगे, जिसमें सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर संयुक्त वक्तव्य जारी होगा। बैठक के बाद समझौते के दस्तावेज़ों का आदान-प्रदान और संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। 30 अगस्त को मोदी अपने अगले गंतव्य चीन के लिए रवाना होंगे, उससे पहले वे जापान के एक सेमीकंडक्टर निर्माण उपकरण कारखाने का निरीक्षण करेंगे। PM Modi