PM मोदी का अमेरिकी टैरिफ पर सीधा वार, पीछे नहीं हटेगा भारत
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 08:16 PM
नई दिल्ली में आयोजित एम.एस. स्वामीनाथन शताब्दी अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका से जारी टैरिफ वॉर (America Tariff War) के बीच देश के किसानों, मछुआरों और पशुपालकों के हितों को लेकर बड़ा और स्पष्ट संदेश दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमारे लिए किसानों का हित सर्वोच्च प्राथमिकता है। भारत अपने किसानों, पशुपालकों और मछुआरे भाइयों-बहनों के हितों के साथ कभी भी समझौता नहीं करेगा।" Tariff War
'मैं कीमत चुकाने के लिए तैयार हूं'-PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी स्वीकार किया कि इस रुख के कारण उन्हें व्यक्तिगत रूप से बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है लेकिन वह इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा, "मुझे मालूम है कि इसके लिए मुझे बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी लेकिन मैं अपने किसानों के लिए ये कीमत चुकाने को तैयार हूं।" प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का पूरा फोकस खेती पर खर्च को कम करने, किसानों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें नए आय के स्रोत देने पर है। उन्होंने बताया कि देश में सोयाबीन, सरसों और मूंगफली जैसे फसलों का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है, जो इस दिशा में की जा रही कोशिशों का नतीजा है।
उन्होंने कहा, "हमारी सरकार ने किसानों की ताकत को देश की प्रगति का आधार माना है। आज भारत का किसान, मछुआरा और पशुपालक अगर सशक्त है तो देश का भविष्य भी सशक्त है।" टैरिफ विवाद की पृष्ठभूमि में यह बयान न केवल वैश्विक मंच पर भारत के रुख को दर्शाता है, बल्कि घरेलू स्तर पर पीएम मोदी की प्राथमिकताओं को भी स्पष्ट करता है कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं होगा चाहे अंतरराष्ट्रीय दबाव कितना भी हो। Tariff War