विज्ञापन
PM Modi Netherlands Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक भाषण में हाल ही हुए विधानसभा चुनावों का जिक्र किया।

PM Modi in Netherlands: नीदरलैंड के हेग शहर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही हुए विधानसभा चुनावों का जिक्र किया। उन्होंने विशेष तौर पर झालमुड़ी का चर्चा की जो कि बंगाल चुनाव में बेहद चर्चा में आ गई थी।
प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं आपको असम और बंगाल में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों का उदाहरण देता हूं... क्या यहाँ भी 'झालमुड़ी' पहुंच गई है? असम, बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में इस बार मतदाताओं की भागीदारी 80 से 90 प्रतिशत के बीच रही। इसमें भी, महिलाओं की भागीदारी ज़्यादा थी। यह रुझान हर राज्य में देखने को मिल रहा है।"
'हर साल वोटिंग के रिकॉर्ड टूट रहे हैं'
पीएम मोदी ने कहा, "आज, भारत में मतदाता बहुत उत्साहित हैं। हमें इस बात पर गर्व है कि हर साल वोटिंग के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। भारत में 90 करोड़ से ज़्यादा मतदाता रजिस्टर्ड हैं। 2024 के लोकसभा चुनावों में, 64 करोड़ लोगों ने अपने वोट डाले। इसका मतलब है कि यूरोपीय संघ की कुल आबादी से भी ज़्यादा भारतीयों ने वोट दिया। भारत हर नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी को महत्व देता है, और 'लोकतंत्र की जननी' होने के नाते, यह हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है।"
बता दें पीएम मोदी ने विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान पश्चिम बंगाल में झालमुड़ी की एक दुकान पर जाकर झालमुड़ी खाई थी। इसके बाद यह बड़ा मुद्दा बन गया। सोशल मीडिया पर झालमुड़ी को लेकर चर्चाएं होने लीग। विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद पार्टी नेताओं ने झालमुड़ी खाकर जश्न मनाया था।
'भारत में अभूतपूर्व बदलाव हो रहे हैं'
पीएम मोदी ने कहा, "आज का भारत एक ऐसे दौर से गुज़र रहा है, जिसमें अभूतपूर्व बदलाव आ रहे हैं। आपने हाल ही में देखा होगा कि भारत ने दुनिया के सबसे बड़े और सबसे सफल एआई समिट की मेज़बानी की। उससे पहले, भारत ने G20 समिट की भी सफलतापूर्वक मेज़बानी की थी। और ये कोई एक बार होने वाले कार्यक्रम नहीं थे। यह अब आज के भारत का स्वभाव बन गया है।"
प्रधानमंत्री के मुताबिक, "भारत ने दुनिया का सबसे बड़ा 'यूनिक आइडेंटिफिकेशन प्रोग्राम' चलाया है। भारत ने दुनिया की सबसे बड़ी 'वित्तीय समावेशन' (Financial Inclusion) पहल भी शुरू की है। जिस पैमाने पर भारत डिजिटलीकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है, वह अभूतपूर्व है। भारत दुनिया की सबसे बड़ी, सरकार द्वारा वित्तपोषित स्वास्थ्य बीमा योजना चला रहा है। भारत चांद के उन हिस्सों तक भी पहुंचा, जहां पहले कोई नहीं पहुँचा था।"
विज्ञापन