
Trump : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर एक बड़ा और तीखा बयान दिया है। उन्होंने पुतिन को 'पागल' बताते हुए चेतावनी दी है कि अगर रूस ने यूक्रेन पर पूरी तरह से कब्जा करने की कोशिश की, तो यह कदम रूस के पतन की वजह बन सकता है। ट्रंप ने साफ तौर पर कहा है कि अब उनका पुतिन के प्रति धैर्य जवाब दे रहा है। रविवार को सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक बयान में ट्रंप ने लिखा, "पुतिन के साथ मेरे हमेशा अच्छे रिश्ते रहे हैं, लेकिन अब लगता है कि वह मानसिक संतुलन खो चुके हैं। वह बिना किसी कारण आम नागरिकों को मार रहे हैं। मिसाइलों और ड्रोन से यूक्रेन के शहरों पर हमले किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह से अमानवीय हैं।"
यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, रूस ने हाल ही में फरवरी 2022 के बाद का अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया है, जिसमें 12 लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं। ट्रंप ने इन हमलों की निंदा करते हुए कहा कि यह रवैया रूस को ले डूबेगा।
डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी भरे अंदाज़ में कहा, "अगर पुतिन यूक्रेन पर पूरी तरह कब्जा करने की कोशिश करते हैं, तो यह उनके देश के पतन का कारण बन सकता है। यह रणनीति उन्हें भारी पड़ेगी।" ट्रंप ने इस दौरान यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के बयानों पर भी नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा, "जेलेंस्की जिस तरह से बोल रहे हैं, वह यूक्रेन के हित में नहीं है। उनके हर बयान से नई समस्याएं खड़ी हो रही हैं। यह रुख बदलना जरूरी है।"
न्यू जर्सी से रवाना होने से पहले संवाददाताओं से बातचीत में ट्रंप ने कहा - मैं पुतिन को लंबे समय से जानता हूं और हमेशा उनके साथ रहा हूं, लेकिन अब जो हो रहा है—शहरों पर रॉकेट दागे जा रहे हैं, निर्दोषों की जान ली जा रही है—ये सब देखना बहुत तकलीफदेह है। मुझे पुतिन की ये हरकतें कतई मंज़ूर नहीं हैं।" Trump