रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। रविवार रात यूक्रेन ने रूस के तुआप्से पोर्ट पर बड़े पैमाने पर ड्रोन अटैक किया, जिससे वहां स्थित आॅयल टर्मिनल और रिफाइनरी में भीषण आग लग गई। ब्लैक सी के किनारे स्थित यह पोर्ट रूस के ऊर्जा तंत्र का अहम केंद्र माना जाता है। Russia and Ukraine war :
ड्रोन हमले से भड़की भीषण आग
रूस की सरकारी समाचार एजेंसियों के मुताबिक, रविवार देर रात यूक्रेन की ओर से कई ड्रोन्स ने तुआप्से बंदरगाह को निशाना बनाया। इस हमले में आॅयल टर्मिनल के कई हिस्से जलकर खाक हो गए, जबकि आसपास के इलाके में धमाकों की आवाजें देर रात तक सुनाई देती रहीं। स्थानीय प्रशासन ने कहा कि दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी है।
164 यूक्रेनी ड्रोन्स मार गिराने का दावा
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी एयर डिफेंस यूनिट ने 164 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, लेकिन कुछ ड्रोन मलबे के रूप में पोर्ट परिसर पर गिरे, जिससे भारी नुकसान हुआ। क्रास्नोडार क्षेत्र के प्रशासन ने टेलीग्राम पर बयान जारी कर कहा कि, यूएवी (मानवरहित हवाई वाहनों) के हमले का जवाब दिया जा रहा है, स्थिति नियंत्रण में है।
रूस का दावा, बुनियादी ढांचे को नुकसान
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, गिरते हुए ड्रोन मलबे की वजह से पोर्ट के कुछ हिस्सों में आग भड़क गई और तेल भंडारण टैंक को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। रूस ने यूक्रेन पर सैन्य और आर्थिक ठिकानों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। यूक्रेन ने इस हमले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मॉस्को ने जवाबी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। रूस और यूक्रेन यह हमला ऐसे वक्त में हुआ है जब दोनों देशों के बीच सीमावर्ती इलाकों में तनाव और बढ़ गया है।