रूस की नजर यूक्रेन के खजाने पर : पुतिन ने जंग खत्म करने की रखी शर्त
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:35 AM
यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध में एक नया अपडेट सामने आया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका के माध्यम से यूक्रेन को जंग खत्म करने की शर्त रखी है। पुतिन की मांग है कि यदि डोनेत्स्क इलाका रूस को सौंप दिया जाए, तो युद्ध समाप्त किया जा सकता है। इस युद्ध को रोकने के नाम पर रूस कोयले के विशाल भंडार को अपने कब्जे में लेना चाहता है ताकि एक बड़ा आर्थिक स्रोत उसके पास आ जाए। Russia-Ukraine War :
डोनेत्स्क क्यों है इतना महत्वपूर्ण?
डोनेत्स्क शहर में यूरोप का चौथा सबसे बड़ा कोयला भंडार मौजूद है और यह इलाका रणनीतिक रूप से भी बहुत अहम है। पुतिन पिछले 11 सालों से डोनेत्स्क पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यूक्रेनी सेना हर बार उन्हें पीछे धकेलती रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, डोनेत्स्क रूस की राजधानी की ओर बढ़ने वाले मार्ग में एक मजबूत रक्षा दीवार की तरह काम करता है। 2014 तक यह यूक्रेन का सबसे बड़ा औद्योगिक केंद्र था और देश के कुल औद्योगिक उत्पादन का लगभग 20% इसी क्षेत्र से आता था।
आर्थिक और रणनीतिक महत्व
डोनेत्स्क सिर्फ खनिज संसाधनों के लिए नहीं, बल्कि इसके औद्योगिक ढांचे और भौगोलिक स्थिति के कारण भी रूस के लिए अहम है। हालांकि, युद्ध और तबाही के कारण फिलहाल इसकी वास्तविक आर्थिक भूमिका सीमित हो गई है। पुतिन ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत के दौरान कहा कि यदि रूस को डोनेत्स्क मिल जाए तो वह जापोरीझिया और खेरसोन के कुछ इलाकों को छोड़ने को तैयार हैं।
डोनेत्स्क का नियंत्रण दोनों पक्षों के लिए अहम
ट्रंप ने इस मांग पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। शुक्रवार को उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से मुलाकात के बाद कहा, "अब समय है खून-खराबा रोकने का और एक समझौता करने का। दोनों पक्ष जीत का दावा करें और इतिहास तय करे कि असली विजेता कौन है।" विशेषज्ञों का मानना है कि पुतिन की यह मांग युद्ध को शांति की दिशा में लाने की कोशिशों में एक अहम चुनौती बन सकती है, क्योंकि डोनेत्स्क का नियंत्रण दोनों पक्षों के लिए रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से निर्णायक माना जाता है। Russia-Ukraine War :