
रूस और यूक्रेन के बीच जारी हिंसक संघर्ष ने नया मोड़ ले लिया है। रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए अब तक के सबसे बड़े हमले के बाद वाशिंगटन में तनाव बढ़ गया है। रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए कि वे रूस पर नए प्रतिबंध लगाने के लिए कदम उठा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने इस पर और विस्तार से कोई जानकारी नहीं दी। पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि जल्द ही बड़ा फैसला लिया जाएगा। International News
कीव पोस्ट के अनुसार, वित्तमंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा, "अब यह देखने की चुनौती है कि यूक्रेनी सेना कितने समय तक टिक सकती है और रूसी अर्थव्यवस्था कितनी देर तक सामना कर पाएगी।" उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका यूरोपीय सहयोगियों के साथ मिलकर उन देशों पर भी प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है, जो रूसी तेल खरीदते हैं।
बेसेंट ने बताया कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने यूरोपीय आयोग की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन से चर्चा की है। उन्होंने कहा, "हम मिलकर रूस पर दबाव बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसके लिए यूरोप के सहयोगी भी अहम हैं। कीव स्थित अमेरिकी दूतावास ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इसमें "एक मां और शिशु की हत्या और व्यापक विनाश" हुआ। ट्रंप के विशेष दूत कीथ केलॉग ने सोशल मीडिया पर लिखा कि रूस युद्ध को और भड़का रहा है और इसे गंभीरता से लेना होगा।
कैपिटल हिल में इस हमले पर प्रतिक्रिया तेज़ रही। रिपब्लिकन सीनेटर थॉम टिलिस ने कहा कि अब पुतिन को रोका जाना चाहिए। रिपब्लिकन सीनेटर जॉन कॉर्निन और डेमोक्रेट जीन शाहीन ने भी तत्काल कार्रवाई की मांग की। शाहीन ने कहा, "रूस ने निर्दोष यूक्रेनियों पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया है। जब तक ट्रंप कार्रवाई नहीं करेंगे, ये हमले जारी रहेंगे।" रिपब्लिकन कांग्रेसी ब्रायन फिट्ज़पैट्रिक ने इसे "जानबूझकर की गई आतंकवादी रणनीति" बताया।
यूक्रेन की प्रधानमंत्री यूलिया स्विरीडेंको ने कहा कि यह हमला रूस की शांति की मंशा के विपरीत है। उन्होंने कैबिनेट भवन में हुए हमले का विवरण साझा किया, जिसमें चार लोग मारे गए। स्विरीडेंको ने कहा, "रूस का उद्देश्य हमारी सरकार को अस्थिर करना है, लेकिन हम अपने काम को जारी रखेंगे।" उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अधिक वायु रक्षा प्रणाली और कड़े प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि इस हमले से युद्ध लंबा खिंचेगा। अमेरिका के शांति प्रयासों के बावजूद रूस लड़ाई को बढ़ाने पर जोर दे रहा है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने भी इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट हो गया है कि पुतिन शांति के प्रति गंभीर नहीं हैं। International News