सऊदी अरब ने भारत सहित 14 देशों के वीजा पर लगाई रोक, जानें रोक की वजह
Saudi Visa
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 04:50 AM
Saudi Visa : सऊदी अरब ने 1 फरवरी 2025 से भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, मिस्र, इंडोनेशिया, इराक, नाइजीरिया, जॉर्डन, अल्जीरिया, सूडान, इथियोपिया, ट्यूनीशिया, यमन और मोरक्को सहित 14 देशों के लिए मल्टीपल-एंट्री वीजा पर रोक लगा दी है। अब इन देशों के नागरिक केवल सिंगल-एंट्री वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं, जो अधिकतम 30 दिनों के लिए मान्य होगा। यह निर्णय हज यात्रा के दौरान बिना अनुमति के भाग लेने वाले अनाधिकृत तीर्थयात्रियों को रोकने के लिए लिया गया है।
वीजा लेकर उसका दुरुपयोग कर रहे थे
सऊदी अधिकारियों के अनुसार, कुछ लोग मल्टीपल-एंट्री वीजा का दुरुपयोग करके हज सीजन के दौरान बिना अनुमति के हज में शामिल हो जाते थे, जिससे भीड़ और सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती थीं। इसके अलावा, कुछ लोग बिजनेस और फैमिली वीजा पर आकर वहां अवैध रूप से काम करने लगते थे, जिससे सऊदी अरब के श्रम प्रणाली में बाधा आती थी। नए नियमों के तहत, प्रभावित देशों के नागरिक अब केवल सिंगल-एंट्री वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं, जो अधिकतम 30 दिनों के लिए वैध होगा। हालांकि, हज, उमराह, राजनयिक और निवास वीजा इस बदलाव से प्रभावित नहीं होंगे।
वीजा नियमोें का उल्लंघन करने वालों को दण्डित किया जाएगा
सऊदी सरकार का कहना है कि यह कदम हज यात्रियों की सुरक्षा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो लोग इन वीजा प्रतिबंधों के बावजूद गैरकानूनी रूप से सऊदी अरब में रुकते हैं, उन्हें आगे पांच साल तक देश में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। यानि उनके साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।