
Shashi Tharoor : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. शशि थरूर इन दिनों एक निजी दौरे पर रूस में हैं। जहां उन्होंने मॉस्को में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात उस कार्यक्रम का हिस्सा थी जिसमें थरूर ने अपनी चर्चित पुस्तक Inglorious Empire पर आधारित डॉक्यूमेंट्री सीरीज के प्रचार के लिए शिरकत की। शशि थरूर ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा करते हुए लिखा, “मॉस्को में ‘प्रिमाकोव रीडिंग्स’ के दौरान पुराने मित्र सर्गेई लावरोव से मिलना सुखद अनुभव रहा।” ‘प्रिमाकोव रीडिंग्स’ रूस में अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर आयोजित एक महत्वपूर्ण वार्षिक सम्मेलन है, जिसमें दुनिया भर से दिग्गज नीति-निर्माता भाग लेते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, थरूर को रूस के सरकारी टेलीविजन चैनल RT (Russia Today) की ओर से आमंत्रित किया गया था, जिसने उनकी 2017 की पुस्तक पर आधारित एक दस-एपिसोड की डॉक्यूमेंट्री सीरीज तैयार की है। यह सीरीज, विशेष रूप से 2015 में ऑक्सफोर्ड यूनियन में दिए गए उनके उस प्रसिद्ध भाषण से प्रेरित है, जिसमें उन्होंने ब्रिटेन से उपनिवेशों के लिए क्षतिपूर्ति की मांग को प्रभावशाली ढंग से उठाया था।
अपनी यात्रा के दौरान थरूर ने संयुक्त राष्ट्र में रूस के पूर्व स्थायी प्रतिनिधि और अब संघीय परिषद में वरिष्ठ पद पर कार्यरत आंद्रेई डेनिसोव से भी भेंट की। मुलाकात में थरूर ने भारत की आतंकवाद विरोधी नीति, हालिया ‘ऑपरेशन सिंदूर’, ईरान-इजरायल संघर्ष, गाज़ा संकट और भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से चर्चा की।
यह पहली बार नहीं है जब थरूर ने वैश्विक मंचों पर भारत की नीति और दृष्टिकोण को सशक्त तरीके से रखा हो। हाल ही में, उन्हें 33 देशों में भेजे गए सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों में से एक का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी मिली थी। उस दौरान उन्होंने अमेरिका समेत कई देशों में भारत की आतंकवाद विरोधी कार्रवाई और राष्ट्रीय सुरक्षा पर आधिकारिक पक्ष रखा था।
जहां एक ओर थरूर विदेशों में भारत की आवाज बुलंद कर रहे हैं, वहीं पार्टी के भीतर उन्हें लेकर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हाल में अप्रत्यक्ष रूप से थरूर पर कटाक्ष करते हुए कहा, “पार्टी के लिए देश पहले है, लेकिन कुछ लोगों के लिए शायद मोदी पहले।” जवाब में थरूर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक उद्धरण साझा किया: “उड़ने के लिए अनुमति मत मांगो। पंख तुम्हारे हैं और आसमान किसी का नहीं। Shashi Tharoor