
अमेरिकी रक्षा खुफिया एजेंसी (DIA) के प्रमुख और वायु सेना के लेफ्टिनेंट जनरल जेफरी क्रूस को अचानक पद से हटा दिया गया है। पेंटागन की इस कार्रवाई ने वॉशिंगटन की सियासत और सुरक्षा गलियारों में हलचल मचा दी है। बताया जा रहा है कि यह फैसला उस शुरुआती खुफिया रिपोर्ट के बाद लिया गया, जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को चुनौती दी गई थी कि अमेरिकी हमलों से ईरान के परमाणु ठिकाने पूरी तरह तबाह कर दिए गए हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन के दौरान पद से हटाए जाने वाले यह दूसरे शीर्ष सैन्य खुफिया अधिकारी हैं। America News
इससे पहले इसी साल राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NSA) के प्रमुख जनरल टिमोथी डी. हॉग को एक विवादास्पद शिकायत के बाद पद छोड़ना पड़ा था। रक्षा विभाग के सूत्रों ने पुष्टि की है कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने नौसेना रिजर्व प्रमुख वाइस एडमिरल नैन्सी लैकोर और नौसेना विशेष युद्ध कमान के प्रभारी रियर एडमिरल जेमी सैंड्स को भी उनके पदों से मुक्त कर दिया है। हालांकि, पेंटागन ने इन तीनों बर्खास्तगियों पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया।
सीनेट की खुफिया समिति के वरिष्ठ डेमोक्रेट सीनेटर मार्क वार्नर ने जनरल क्रूस को हटाए जाने को “चिंताजनक” बताया। उन्होंने कहा कि क्रूस का करियर निष्पक्ष और पेशेवर सेवाओं से भरा रहा है। वार्नर के अनुसार, “एक और वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी की बर्खास्तगी, ट्रंप प्रशासन की खतरनाक प्रवृत्ति को उजागर करती है, जहां तथ्यों से असहमति रखने वालों को हटाया जा रहा है। रक्षा खुफिया एजेंसी (DIA) का मुख्य काम विदेशी सेनाओं की स्थिति, क्षमता और संख्या से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाना और उन्हें पेंटागन व सैन्य कमांडरों को उपलब्ध कराना है।
जून में ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमलों के बाद DIA ने प्रारंभिक आकलन तैयार किया था। इसमें कहा गया था कि तेहरान का परमाणु कार्यक्रम कुछ महीनों के लिए ही पीछे गया है, यानी अपेक्षित सफलता नहीं मिली। यह रिपोर्ट सीएनएन और न्यूयॉर्क टाइम्स में सामने आई, जिसके बाद व्हाइट हाउस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और बाद में ऑपरेशन की “ज्यादा सफल तस्वीर” पेश करने की कोशिश की। सीनेटर वार्नर ने साफ तौर पर क्रूस की बर्खास्तगी को इसी रिपोर्ट से जोड़ते हुए कहा कि “तथ्य-आधारित निष्कर्षों को दबाना अमेरिका की सुरक्षा को कमजोर करता है और विरोधियों को मजबूत।”
पेंटागन ने फिलहाल क्रूस की जगह उप निदेशक क्रिस्टीन बोर्डिन को कार्यवाहक प्रमुख नियुक्त किया है। अंतिम उत्तराधिकारी का नाम सीनेट से मंजूरी के बाद घोषित होगा। 34 वर्षों तक वायु सेना में सेवाएं दे चुके क्रूस ने अफगानिस्तान, पाकिस्तान और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में महत्वपूर्ण खुफिया अभियानों का नेतृत्व किया था। वह बाइडेन प्रशासन के दौरान DIA प्रमुख बने थे। America News