
ईरान के अस्थिर माने जाने वाले सिस्तान-बलोचिस्तान प्रांत में आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर घातक हमला कर पांच पुलिस अधिकारियों की जान ले ली। यह घटना ईरानशहर के पास दमन इलाके में उस समय हुई, जब पुलिस का गश्ती काफिला नियमित सुरक्षा जांच पर था। Hindi News
इस हमले की जिम्मेदारी सुन्नी उग्रवादी संगठन जैश अल-अदल ने ली है। संगठन ने बयान जारी कर दावा किया कि उसके लड़ाकों ने गश्ती दल (फराजा) को निशाना बनाने के बाद शहीद सुरक्षाकर्मियों से हथियार भी कब्जे में ले लिए। ‘द बलोचिस्तान पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हथियारबंद आतंकियों ने दमन के मुख्य राजमार्ग से गुजर रहे पुलिस वाहनों को अचानक घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। हमले के बाद इलाके में भारी दहशत फैल गई।
रक्तपात की इस घटना के बाद ईरानशहर, दमन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखकर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसियों इरना और मेहर ने भी इस हमले की पुष्टि की है। उनके मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी ईरान के खाश–ईरानशहर मार्ग पर शुक्रवार को हुए इस आतंकी हमले में पांच पुलिस अधिकारी शहीद हुए।
गौरतलब है कि ईरानशहर, प्रांतीय राजधानी जाहेदान से करीब 337 किलोमीटर दूर स्थित है। यह इलाका लंबे समय से अलगाववादी और आतंकी गतिविधियों का गढ़ बना हुआ है, जहां सुरक्षाबलों पर इस तरह के हमले अक्सर होते रहते हैं। Hindi News