मंगलवार को शेयर बाजार ने एक बार फिर निवेशकों को झटका दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की नई टैरिफ चेतावनी और वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बीच घरेलू बाजार में गिरावट का दौर जारी रहा। कारोबार की शुरुआत से ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में खुले और देखते ही देखते ये गिरावट और गहराती चली गई। Stock Market
सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा टूटा
बीएसई सेंसेक्स 440 अंक गिरकर 80,558.94 के स्तर तक पहुंच गया। एनएसई निफ्टी भी 121 अंकों की गिरावट के साथ 24,593.40 पर कारोबार करता दिखा। बाजार खुलते ही सेंसेक्स अपने पिछले बंद 81,018.72 के मुकाबले 80,946.43 पर खुला लेकिन जल्द ही लाल निशान में चला गया। वहीं निफ्टी 24,722.75 के मुकाबले मामूली कमजोरी के साथ खुला लेकिन गिरावट बढ़ती गई।
क्या है गिरावट की बड़ी वजह?
बाजार में गिरावट का मुख्य कारण अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ धमकी को माना जा रहा है। ट्रंप ने रूस से कच्चे तेल की खरीद को लेकर भारत पर निशाना साधते हुए आयात शुल्क बढ़ाने की चेतावनी दी है। इससे वैश्विक स्तर पर ट्रेडिंग सेंटिमेंट कमजोर हुआ है जिसका सीधा असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा।
इन शेयरों में आई जबरदस्त गिरावट
इस गिरावट के बीच कई दिग्गज और मिड-स्मॉल कैप शेयरों में जबरदस्त गिरावट देखी गई। लार्ज कैप शेयरों में अडानी पोर्ट्स, BEL, इंफोसिस और रिलायंस इंडस्ट्रीज करीब 1-1.5% तक लुढ़क गए। वहीं, मिड कैप स्टॉक्स जैसे हिंदुस्तान पेट्रोलियम, LIC हाउसिंग फाइनेंस और बायोकॉन में 2-3% की गिरावट रही। स्मॉल कैप कैटेगरी में अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस इंफ्रा पर 5% का लोअर सर्किट लगा, जबकि इनॉक्स इंडिया और नेटवेब के शेयर भी 4% से ज्यादा टूटे। गिरावट के इस माहौल में करीब 1570 कंपनियों के शेयर लाल निशान में रहे, जबकि 1519 स्टॉक्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
ट्रंप के बयान पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि जो देश भारत की आलोचना कर रहे हैं वे खुद भी रूस के साथ व्यापार कर रहे हैं। फिलहाल वैश्विक अनिश्चितता और राजनीतिक बयानबाजी के बीच निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। Stock Market