USA News : अमेरिकी व्यंजन में लगाया जाएगा भारतीय स्वाद का तड़का
American cuisine to be flavored with Indian flavor
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 10:22 PM
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 10:22 PM
वाशिंगटन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में गुरुवार को आयोजित होने वाले राजकीय भोज में आमंत्रित 400 मेहमानों के लिए तैयार मेन्यू में मैरिनेट किया हुआ बाजरा, मकई का सलाद और भरवां मशरूम शामिल होगा। प्रथम महिला जिल बाइडन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी शाकाहारी हैं, इसलिए उन्होंने शाकाहारी व्यंजन बनाने में माहिर शेफ नीना कर्टिस से व्हाइट हाउस के कर्मचारियों के साथ काम करने और प्रधानमंत्री के वास्ते एक शानदार शाकाहारी ‘मेन्यू’ तैयार करने के लिए कहा है। जिल ने रात्रिभोज के ‘मेन्यू’ के बारे में मीडियाकर्मियों से कहा कि हालांकि मेहमानों के लिए भोजन में मछली का विकल्प भी रखा गया है।
USA News
रात्रिभोज में आमंत्रित किए गए हैं 400 से अधिक मेहमान
मोदी बुधवार को न्यूयॉर्क पहुंचे और नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम का नेतृत्व किया। उसमें संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी, राजनयिक और प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। वह राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला के निमंत्रण पर 21 से 24 जून तक अमेरिका की राजकीय यात्रा पर हैं। अमेरिका की प्रथम महिला ने कहा कि भोज के लिए 400 से अधिक मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में खास तौर पर टेबल सजाई गई है।
तरबूज और एक तीखा एवोकैडो सॉस परोसा जाएगा
राजकीय रात्रिभोज में मेहमानों को सबसे पहले मैरिनेट किया हुआ बाजरा, मकई के दाने का सलाद, तरबूज और एक तीखा एवोकैडो सॉस परोसा जाएगा। वहीं, भोजन में भरवां पोर्टोबेलो मशरूम और एक मलाईदार केसर-युक्त रिसोट्टो शामिल है। मीठे में गुलाब और इलायची वाले स्ट्रॉबेरी शॉर्टकेक और अन्य व्यंजन शामिल हैं। इसके अलावा, मेहमानों को मेन्यू के अनुसार सुमैक रोस्टेड सी-बास, लेमन डिल योगर्ट सॉस, मोटे अनाज का केक और समर स्क्वाश परोसा जाएगा।
USA News
मेन्यू में शामिल किया गया भारतीय खानपान से जुड़ी चीजें
कैलिफोर्निया की शेफ कर्टिस ने कहा कि प्रथम महिला के साथ काम करना और उनकी पाक कला को समझना व उसके अनुरूप व्यंजन तैयार करना वास्तव में खुशी की बात है। हमने एक ऐसा ‘मेन्यू’ तैयार किया है, जिसमें वैसे तो अमेरिकी व्यंजन शामिल हैं, लेकिन उनमें भारतीय स्वाद का तड़का लगाया गया है। शेफ ने कहा कि हम इस बात को लेकर उत्साहित हैं कि भारत अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष मनाने के प्रयासों का नेतृत्व कर रहा है। हमने अपने ‘मेन्यू’ में मैरिनेट किया हुआ बाजरा और भारतीय खानपान से जुड़ी अन्य चीजों को शामिल किया है।
भोजन के बाद जोशुआ बेल देंगे प्रस्तुति
जिल बाइडन ने कहा कि मेहमान साउथ लॉन में आएंगे, जहां हर मेज पर हरे और केसरिया रंग के फूल लगाए जाएंगे। हर मेज पर शानदार और विशिष्ट इंतजाम होंगे। हमें उम्मीद है कि अतिथि भी यह महसूस कर पाएंगे कि मेज खास उन्हीं के लिए सजाई गई है। रात्रिभोज के बाद ग्रैमी पुरस्कार विजेता जोशुआ बेल प्रस्तुति देंगे। जोशुआ की प्रस्तुति के बाद पेनसिलवेनिया विश्वविद्यालय का समूह ‘पेन मसाला’ भारतीय गीतों पर नृत्य पेश करेगा।
सजावट में परंपराओं और संस्कृति का विशेष ध्यान
व्हाइट हाउस में सामाजिक मामलों के सचिव कार्लोस एलिजोंडो ने कहा कि प्रथम महिला हर कदम पर इस कार्यक्रम के आयोजन में शामिल रही हैं। आयोजन की सजावट में परंपराओं और अमेरिका एवं भारत की संस्कृति, विशेषकर भारतीय झंडे का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि हमारे डिज़ाइन वास्तव में भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित हैं। निमंत्रण पत्र से लेकर मंडप और अन्य आयोजन स्थल तक के डिज़ाइन के जरिये, हम उस शानदार अनुभूति को जगाना चाहते हैं, जो तब महसूस होती है, जब हम इस पक्षी को पंख फैलाकर अपनी सुंदरता और ताकत का प्रदर्शन करते देखते हैं।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।