
USA News : वाशिंगटन। अमेरिका के कोलोराडो में अमेरिकी वायु सेना अकादमी (US Air Force Academy) में एक ग्रेजुएशन समारोह के दौरान राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) मंच पर लडखडाकर गिर पड़े। जिससे उनकी उम्र को लेकर बहस एक बार फिर से बढ़ गई।
हालांकि उनको कुछ सैकेंड के भीतर वापस उठा लिया गया और वे जल्दी से अपनी सीट वापस आ गए। 80 साल के अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन आगे की ओर गिर पड़े। तीन लोगों ने उनकी उठने में मदद की। जिसके बाद वह बिना किसी सहारे के वापस अपनी सीट पर चले गए।
बाइडेन ने उठने में मदद किए जाने के बाद अपने पीछे कुछ इशारा किया। ऐसा लगता है कि बाइडेन टेलीप्रॉम्प्टर को रखने के लिए इस्तेमाल किए गए सैंडबैग पर फंस गए थे। वह बाद में अन्य अधिकारियों के साथ मिले और मुस्कुराते हुए ‘थम्स अप’ का संकेत किया। वहीं व्हाइट हाउस ने अपने बयान में कहा कि राष्ट्रपति बाइडेन का स्वास्थ्य अच्छा है। इससे पहले अपने भाषण में रूस और चीन की चुनौतियों का हवाला देते हुए जो बाइडेन ने नेवी के स्नातकों को चेतावनी दी कि वे तेजी से अस्थिर होती दुनिया के दौर में सेवा में प्रवेश करेंगे।
आपको बता दें कि अमेरिका में राष्ट्रपति का पद संभालने वाले सबसे उम्रदराज व्यक्ति बाइडेन 2024 में फिर से चुनावी दौड़ में हिस्सा ले रहे हैं। उनके प्रमुख रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रम्प इस महीने 77 साल के हो गए हैं। इस फरवरी में डॉक्टरों ने एक शारीरिक जांच के बाद बाइडेन को स्वस्थ और ड्यूटी के लिए फिट घोषित किया। क्योंकि राष्ट्रपति बाइडेन शराब नहीं पीते हैं या तंबाकू का उपयोग नहीं करते हैं और हफ्ते में ‘कम से कम’ पांच बार कसरत करते हैं।