USA News : पीएम मोदी की अमेरिका की राजकीय यात्रा से पहले लोगों में गजब का उत्साह
Great enthusiasm among people before PM Modi's state visit to America
भारत
चेतना मंच
19 Jun 2023 03:48 PM
वाशिंगटन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजकीय यात्रा को लेकर भारतीय-अमेरिकियों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। उनकी यात्रा से कुछ दिन पहले सैकड़ों भारतवंशी देश के प्रमुख स्थानों पर एकत्र हुए और उनके समर्थन में नारेबाजी की।
मोदी का इंतजार कर रहे भारतवंशी
वाशिंगटन डीसी और उसके आसपास के इलाकों में सैकड़ों भारतीय-अमेरिकी एकता का संदेश देने के लिए राष्ट्रीय स्मारक के पास एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि वे शहर में प्रधानमंत्री मोदी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 21 से 24 जून को अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे। बाइडन दंपती 22 जून को प्रधानमंत्री मोदी के लिए राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 22 जून को कांग्रेस के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी वाशिंगटन के प्रतिष्ठित ‘रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग एंड इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर’ में 23 जून को आयोजित कार्यक्रम में भारतीय-प्रवासियों को संबोधित करेंगे।
टिकट को लेकर मच रही मारा-मारी
‘मोदी-मोदी’ और भारत-अमेरिका दोस्ती के नारे लगाते हुए भारतीय-अमेरिकियों ने ऐतिहासिक लिंकन मेमोरियल की ओर एक घंटे से अधिक समय तक जुलूस निकाला, जहां कुछ लोग अचानक नृत्य भी करने लगे। इसी तरह के दृश्य अमेरिका में कई प्रतिष्ठित स्थानों जैसे न्यूयॉर्क में टाइम्स स्क्वायर और सैन फ्रांसिस्को में गोल्डन गेट ब्रिज पर भी दिखाई दिए। विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजकों ने कहा कि 20 शहरों से आने वाले ये दृश्य तथा वाशिंगटन डीसी व न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री मोदी के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए टिकट को लेकर मच रही मारा-मारी देश में उनकी लोकप्रियता को दर्शाती है।
ये हो सकते हैं रात्रिभोज में शामिल
व्हाइट हाउस के लॉन में आयोजित होने वाले राजकीय रात्रिभोज में शामिल होने वाले मेहमानों की सूची जारी नहीं की गई है। प्रथम महिला के कार्यालय ने राजकीय रात्रिभोज से संबंधित कोई सूचना जारी नहीं की है। हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रधानमंत्री के सम्मान में आयोजित होने वाले भोज में करीब 400 लोग शामिल होंगे। भारतीय-अमेरिकी सांसद एमी बेरा, राजा कृष्णमूर्ति, प्रमिला जयपाल, रो खन्ना तथा श्री थानेदार के अलावा माइक्रोसॉफ्ट के सत्या नडेला, गूगल के सुंदर पिचाई और फेडएक्स के राज सुब्रमण्यम सहित कुछ शीर्ष भारतीय-अमेरिकी मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) को राजकीय रात्रिभोज में आमंत्रित किए जाने की उम्मीद है।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।