विज्ञापन

आज का युग सूचना का युग है, जहां हर कोई दुनिया भर की खबरों से जुड़े रहना चाहता है। और अगर सारी महत्वपूर्ण खबरें एक ही जगह, एक ही भाषा में मिल जाएँ, तो इसे और बेहतर क्या कहा जा सकता है। चेतना मंच आपके लिए लाया है दुनिया भर की ताज़ा और बड़ी खबरों का पूरा संग्रह—पूरी तरह हिंदी में। यहाँ आप दुनिया की हर घटना, हर अपडेट, और हर खबर एक साथ पढ़ सकते हैं। International News
रूस की लगातार बढ़ती आक्रामकता के बीच यूक्रेन ने पिछले 48 घंटे में बड़ी चुनौती पेश की है। रूसी अधिकारियों के अनुसार, शनिवार शाम से रविवार सुबह सूरज उगने से पहले तक यूक्रेन ने कम से कम 361 ड्रोन दागे। इस हमले के दौरान उत्तर-पश्चिमी रूस में स्थित किरिशी तेल रिफाइनरी में जोरदार विस्फोट हुआ और आग फैल गई।
द मॉस्को टाइम्स और तास समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, पोलैंड में रूसी ड्रोन गिराए जाने के कुछ समय बाद, यूक्रेन ने रूस की तेल रिफाइनरी और पाइपलाइन को निशाना बनाया। हालांकि, रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उनकी वायु रक्षा प्रणालियों ने 361 ड्रोन को रोक दिया। International News
पश्चिमी लेनिनग्राद क्षेत्र में रविवार तड़के दो ट्रेनें पटरी से उतर गईं। इस हादसे में एक ट्रेन चालक की मौत हो गई और रेल यातायात ठप हो गया। घटनाएं शनिवार देर रात पश्चिमी ओरयोल में रेल पटरी पर विस्फोटक के कुछ घंटों बाद हुईं, जिसमें तीन रूसी राष्ट्रीय रक्षक अधिकारी भी मारे गए। यूक्रेन की सैन्य खुफिया एजेंसी ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली, लेकिन रेल हादसे के लिए जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की। International News
यूक्रेन ने कहा है कि मॉस्को इन रेल मार्गों का इस्तेमाल अपनी सेना के लिए सैनिकों और ईंधन की आपूर्ति के लिए करता है, इसलिए इन्हें निशाना बनाया गया। लेनिनग्राद के गवर्नर अलेक्जेंडर ड्रोज्डेंको ने टेलीग्राम पर जानकारी देते हुए कहा, "गाचिना जिले के सेमरिनो स्टेशन के पास एक डीजल इंजन पटरी से उतर गया, जिसमें चालक की मौत हुई।" इसके अलावा, 15 बोगियों वाली मालगाड़ी भी स्ट्रोगानोवो और मशिन्स्काया गांवों के बीच पटरी से उतर गई।
तास की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेनी सेना ने पिछले 24 घंटे में लगभग 1,330 सैनिक खो दिए। विशेष क्षेत्रवार आंकड़े यह हैं: बैटलग्रुप नॉर्थ में 170, बैटलग्रुप वेस्ट में 240+, बैटलग्रुप साउथ में 200, बैटलग्रुप सेंटर में 450, बैटलग्रुप ईस्ट में 225+, और बैटलग्रुप डेनेपर में 45+ सैनिक मारे गए। International News
रूसी सशस्त्र बलों ने अपने परिचालन-सामरिक विमानन, लड़ाकू यूएवी, मिसाइल और तोपखाने का इस्तेमाल करते हुए यूक्रेनी सैनिकों के प्रशिक्षण केंद्रों और अस्थायी तैनाती स्थलों पर हमला किया। रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान यूक्रेन के 142 जिलों को निशाना बनाया गया।
नेपाल में आज एक महत्वपूर्ण राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा। अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की सिफारिश पर राष्ट्रपति भवन में तीन नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11:30 बजे आयोजित किया जाएगा, इसकी पुष्टि राष्ट्रपति भवन ने की है।
सूत्रों के मुताबिक, ओमप्रकाश अर्याल को गृह मंत्रालय के साथ-साथ कानून और न्याय मंत्रालय की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। वहीं, पूर्व वित्त सचिव रामेश्वर खनाल को वित्त मंत्रालय का कार्यभार संभालने के लिए शपथ दी जाएगी। कुलमान घीसिंग को ऊर्जा मंत्रालय के साथ अन्य मंत्रालयों की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है। शपथ ग्रहण के बाद नए मंत्रियों की भूमिकाओं और उनके कार्यभार को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। International News
वैश्विक बाजार से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी शेयर बाजार ने पिछले सत्र में मिला-जुला प्रदर्शन दिखाया। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं, जबकि यूरोपीय बाजार में भी पिछले दिन के कारोबार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। एशियाई बाजारों में भी आज हरे और लाल निशान के बीच मिला-जुला कारोबार हो रहा है। International News
अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान डाउ जॉन्स लगभग 295 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं, S&P 500 इंडेक्स में मामूली 0.05 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई और यह 6,584.29 अंक पर बंद हुआ। दूसरी ओर, नैस्डेक इंडेक्स 0.44 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,141.10 अंकों के नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। फिलहाल, डाउ जॉन्स फ्यूचर्स 0.09 प्रतिशत बढ़त के साथ 45,873.95 अंकों पर कारोबार कर रहे हैं। International News
यूरोपीय बाजार में भी पिछली ट्रेडिंग सत्र में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। एफटीएसई इंडेक्स 0.15 प्रतिशत कमजोर होकर 9,283.29 अंक पर बंद हुआ, जबकि डीएएक्स इंडेक्स में 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई और यह 23,698.15 अंक पर बंद हुआ। दूसरी ओर, सीएसी इंडेक्स में हल्की 0.02 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,825.24 अंक पर कारोबार हुआ।
एशियाई बाजारों में भी आज मिले-जुले संकेत हैं। एशिया के नौ प्रमुख सूचकांकों में से पांच हरे निशान में मजबूत कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार लाल निशान में कमजोर हैं। गिफ्ट निफ्टी 0.19 प्रतिशत गिरकर 25,164 अंक पर पहुंच गया। ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.29 प्रतिशत फिसलकर 25,401.58 अंक पर, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.04 प्रतिशत टूटकर 4,342.42 अंक पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.01 प्रतिशत गिरकर 1,293.48 अंक पर कारोबार कर रहे हैं। International News
दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 395.62 अंक यानी 0.88 प्रतिशत की तेजी के साथ 44,768.12 अंक पर पहुंच गया। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.75 प्रतिशत उछलकर 7,912.60 अंक पर, कोस्पी इंडेक्स 0.61 प्रतिशत बढ़त के साथ 3,416.29 अंक पर, हैंग सेंग इंडेक्स 116.84 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की छलांग लगाकर 26,505 अंक पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,879.29 अंक पर कारोबार कर रहे हैं।
इजराइली सेना ने रविवार को गाजा शहर में हवाई हमलों की श्रृंखला शुरू की। हमलों में कई ऊंची इमारतें विस्फोट के बाद आग की लपटों में घिर गईं। नागरिकों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी गई, जबकि सेना ने पूरे शहर को खाली करने के आदेश जारी किए।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल की सेना ने रविवार सुबह ही कई टावरों को खाली कराने के निर्देश जारी किए। ये हमले प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की उच्चस्तरीय बैठक से पहले किए गए, जिसमें गाजा में बंधक बनाए गए लोगों की सुरक्षा और राहत प्रयासों पर चर्चा होगी। इस दौरान सेना ने गाजा बंदरगाह के पास स्थित 11 मंजिला अल कवथर टावर को भी निशाना बनाया। International News
सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को होने वाली बैठक में इजराइली विदेश और रक्षा मंत्री के साथ ही सेना और सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। अनुमान है कि गाजा में अभी भी लगभग 20 बंधक जीवित हैं। इजराइली अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में शहर में जमीनी सैन्य अभियान शुरू किया जा सकता है।
फिलिस्तीन शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी (UNRWA) के महानिरीक्षक फिलिप लाज़ारिनी ने बताया कि पिछले चार दिनों में गाजा शहर में कम से कम 10 संयुक्त राष्ट्र भवनों पर हमले हुए हैं। उन्होंने कहा कि तेज हवाई हमलों के कारण अब गाजा में कोई भी जगह पूरी तरह सुरक्षित नहीं है।
इजराइली रक्षा बलों (IDF) का कहना है कि हमास इन इमारतों का इस्तेमाल सैनिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कर रहा था। तेल अल-हवा इलाके के अल मोहना टावर को भी इसी वजह से निशाना बनाया गया। इजराइली रक्षामंत्री इजराइल काट्ज ने एक्स पर छह मंजिला इमारत पर हुए हमलों का वीडियो साझा किया।
नाटो सहयोगी पोलैंड और रोमानिया ने शनिवार को यूक्रेन में बढ़ते रूसी ड्रोन और मिसाइल हमलों के मद्देनजर अपने हवाई क्षेत्र में लड़ाकू विमानों की तैनाती की। यह कदम गठबंधन के देशों के हवाई क्षेत्र की सुरक्षा को मज़बूत करने और बार-बार होने वाले उल्लंघनों का कड़ा जवाब देने के प्रयास के तहत उठाया गया है।
एबीसी न्यूज के मुताबिक, पोलिश सेना ने कहा कि यूक्रेन की सीमा के पास जेट विमानों की तैनाती के बाद शनिवार को कोई हवाई उल्लंघन दर्ज नहीं किया गया। पोलिश प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने सोशल मीडिया पर लिखा कि रूसी ड्रोन गतिविधियों के खतरे के मद्देनजर रक्षा तैयारियाँ उच्चतम स्तर पर हैं।
बुखारेस्ट में रक्षा मंत्रालय ने बयान में कहा कि नाटो के पूर्वी हिस्से में दक्षिण में एक रूसी ड्रोन ने रोमानियाई हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। डेन्यूब नदी के पास यूक्रेनी बुनियादी ढांचे पर लगातार हमलों के बाद सीमा पर निगरानी बढ़ाने के लिए दो एफ-16 लड़ाकू विमान तैनात किए गए। यह नदी रोमानिया और यूक्रेन के बीच बहती है और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। International News
पोलैंड के राष्ट्रीय सुरक्षा ब्यूरो ने रविवार को बताया कि राष्ट्रपति करोल नवरोकी ने नाटो के विदेशी सदस्य देशों के सशस्त्र बलों को ‘ईस्टर्न सेंट्री’ अभियान के तहत पोलैंड में तैनात करने की सहमति दी है। इस प्रस्ताव की जानकारी गोपनीय रखी गई है।
रोमानिया के रक्षा मंत्री इयोनुत मोस्टेनु ने कहा कि बुखारेस्ट रूस के लापरवाह व्यवहार की निंदा करता है और अपने नाटो सहयोगियों के साथ सतर्क है। उन्होंने यह भी बताया कि रोमानिया ने अब तक किसी रूसी ड्रोन को नहीं मार गिराया। वहीं, पिछले सप्ताह पोलिश और डच लड़ाकू विमानों ने पोलैंड के ऊपर घुस आए तीन रूसी ड्रोन को नष्ट किया था। उस घटना में कम से कम 19 ड्रोन पोलिश हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर चुके थे।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि शनिवार को रोमानियाई हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने वाला रूसी ड्रोन लगभग छह मील तक नाटो हवाई क्षेत्र में रहा और 50 मिनट तक उड़ान भरी। उन्होंने कहा कि यह कोई संयोग या कमांडर की व्यक्तिगत पहल नहीं थी, बल्कि पूरी तरह से योजनाबद्ध कार्रवाई थी।
यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस ने शनिवार रात से रविवार सुबह तक देश में 58 ड्रोन और एक मिसाइल दागी। वायु रक्षा प्रणाली ने इनमें से 52 ड्रोन को मार गिराया। एक मिसाइल और छह ड्रोन तीन अलग-अलग स्थानों पर गिरे। International News
विज्ञापन