
IPL 2025 : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 18वें संस्करण में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 29 मई को क्वालीफायर-1 में पंजाब किंग्स को 8 विकेट से हराकर लंबे समय बाद फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। खास बात यह है कि इस बार आरसीबी की टीम में चार ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने पिछले सीजन के फाइनल मुकाबले में भी हिस्सा लिया था। इस सीजन आरसीबी ने लीग चरण में जबरदस्त प्रदर्शन किया, खासकर अपनी घरेलू मैदान से बाहर सभी सात मैचों में जीत दर्ज कर टीम की ताकत का परिचय दिया। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन के बाद आरसीबी की गेंदबाजी को लेकर काफी चर्चा हुई, लेकिन टीम ने मैदान पर जिस संतुलित खेल का प्रदर्शन किया वह सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।
इस बार आरसीबी की टीम में भुवनेश्वर कुमार, फिल साल्ट, मयंक अग्रवाल और सुयश शर्मा ऐसे चार खिलाड़ी हैं जो आईपीएल 2024 के फाइनल में भी खेल चुके हैं। पिछले सीजन का खिताबी मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुआ था, जिसमें फिल साल्ट और सुयश शर्मा केकेआर की ओर से खेले थे, जबकि भुवनेश्वर कुमार और मयंक अग्रवाल सनराइजर्स हैदराबाद के प्रतिनिधि थे।
आरसीबी के लिए इस सीजन ये चार खिलाड़ी टीम के मजबूत स्तंभ साबित हुए हैं। भुवनेश्वर कुमार ने गेंदबाजी में 15 मैचों में 13 कीमती विकेट अपने नाम किए, जबकि सुयश शर्मा ने क्वालीफायर-1 मुकाबले में अपनी प्रभावशाली गेंदबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया। टीम के ओपनिंग बल्लेबाज फिल साल्ट ने कई मौकों पर तेज शुरुआत देकर टीम को मजबूत स्थिति प्रदान की। वहीं, मयंक अग्रवाल, जिन्हें देवदत्त पडिक्कल की जगह सीजन के बीच टीम में शामिल किया गया था, ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ लीग के अंतिम मुकाबले में महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान हासिल करने में निर्णायक भूमिका निभाई। IPL 2025