Greater Noida News : विधायक धीरेंद्र सिंह से मिला एयरपोर्ट के दूसरे चरण के प्रभावित किसानों का प्रतिनिधिमंडल
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 06:05 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport ) के दूसरे चरण के प्रभावित ग्राम नगला हुकम सिंह, कुरैव, रन्हेरा आदि के किसानों ने जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह से उनके रबूपुरा स्थित कैंप कार्यालय पर मुलाकात की और उनका वाजिब हक दिलाने की मांग की। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के दूसरे चरण के लिए जमीन का अधिग्रहण किए जाने के लिए उपरोक्त ग्रामों के लोगों ने सहमति देने से मना कर दिया है। इसी के चलते दूसरे चरण का एयरपोर्ट बनाए जाने के लिए कोई रास्ता निकालने के लिए किसानों ने विधायक धीरेन्द्र सिंह से मिलकर अपना पक्ष प्रदेश सरकार के समक्ष रखने के लिए मुलाकात की।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने किसानों से कहा कि प्रदेश सरकार से आपकी सभी जायज मांगों को पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश व जनपद की तरक्की का मार्ग प्रशस्त करेगा। आज हम जिस मुकाम पर खड़े हैं, उसमें किसानों का अहम योगदान है। एयरपोर्ट बनने के बाद नौजवानों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। विधायक ने कहा कि प्रदेश की तरक्की आपके हाथों में है। आपकी जमीनों का आपको उचित मुआवजा दिया जाएगा।
इस मौके पर चौधरी अमरपाल सिंह, धर्मेन्द्र सिवाच, निर्दोष सिंह, चौधरी हरीश सिंह, चौधरी नीरपाल सिंह एडवोकेट, चौधरी विनय सिंह, नंदू सिंह, समयवीर सिंह, ईश्वर पाल सिंह, विजय सिंह, तरुण चौधरी और जयप्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।