विज्ञापन
जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था को तेजी से विस्तार दिया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार से उत्तर प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों से जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवाएं शुरू कर दी गई हैं।

Jewar Airport : जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था को तेजी से विस्तार दिया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार से उत्तर प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों से जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने इन बसों का संचालन कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए अब अतिरिक्त साधनों की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। अधिकारियों के अनुसार नई बस सेवाओं का उद्देश्य एयरपोर्ट को प्रदेश के प्रमुख शहरों से सीधे जोड़ना है। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार यात्री अपने-अपने शहरों से लगभग डेढ़ से दो घंटे के भीतर एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। इससे न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि समय और खर्च दोनों की बचत भी होगी। Jewar Airport
यूपी रोडवेज ने शुरुआती चरण में आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, एटा, कासगंज और लखनऊ से जेवर एयरपोर्ट तक सीधी बस सेवा शुरू की है। इन मार्गों पर नियमित बसों के संचालन से एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (YIAPL) पहले ही विभिन्न परिवहन एजेंसियों और रोडवेज विभागों के साथ समझौते कर चुका है, ताकि एयरपोर्ट तक मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी विकसित की जा सके। Jewar Airport
एयरपोर्ट को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से जोड़ने के लिए हरियाणा रोडवेज ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम और चंडीगढ़ से बस सेवाएं शुरू होने से लाखों यात्रियों को फायदा मिलेगा। इसके अलावा दिल्ली के प्रमुख बस अड्डों सराय काले खां, आनंद विहार और कश्मीरी गेट से भी एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवाओं की समय-सारिणी तैयार कर ली गई है। हालांकि इन रूटों पर नियमित संचालन शुरू होने में अभी कुछ समय लग सकता है। वहीं उत्तराखंड के देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और हल्द्वानी को भी जल्द ही एयरपोर्ट से सीधे जोड़ने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। Jewar Airport
जेवर एयरपोर्ट को भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए नमो भारत रेल और मेट्रो विस्तार परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। प्रस्तावित 72 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में 22 स्टेशन बनाए जाने की योजना है। परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार के पास भेजी जा चुकी है। इसके अतिरिक्त गुरुग्राम को सीधे एयरपोर्ट से जोड़ने की योजना भी तैयार की गई है। प्रस्तावित कॉरिडोर को सूरजपुर के पास जोड़ने का खाका तैयार किया गया है, जिससे एनसीआर के यात्रियों को और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। Jewar Airport
भारतीय रेलवे चोला-रुंधी रेल लाइन परियोजना को आगे बढ़ा रही है। इस परियोजना के तहत एयरपोर्ट के निकट एक आधुनिक रेलवे स्टेशन विकसित किया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद यात्री वंदे भारत, राजधानी और शताब्दी जैसी प्रमुख ट्रेनों के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों तक आसानी से यात्रा कर सकेंगे। यह रेलवे कनेक्टिविटी उत्तर भारत, पूर्वी भारत और दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों तक यात्रियों की पहुंच को और अधिक सुविधाजनक बनाएगी। Jewar Airport
ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी क्षेत्र को भविष्य के मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां प्रस्तावित विशाल ट्रांसपोर्ट हब रेल, मेट्रो, बस और अन्य परिवहन साधनों को एकीकृत करेगा। इससे यात्रियों को एक ही स्थान पर विभिन्न परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। Jewar Airport
विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट केवल एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। एयरपोर्ट के कारण गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ समेत कई जिलों में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आई है। सरकारी अनुमानों के अनुसार एयरपोर्ट और उससे जुड़ी परियोजनाओं के चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 21 से अधिक जिलों में रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा होंगे। आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र लॉजिस्टिक्स, उद्योग, निर्यात और निवेश के बड़े केंद्र के रूप में उभर सकता है। Jewar Airport
विज्ञापन