विज्ञापन
Jewar Airport : सवाल उठ रहा है कि यह हवाई अड्डा यात्रियों को दिल्ली इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुकाबले महंगा पड़ेगा। आखिर इस विवाद का कारण क्या है?

Jewar Airport : जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जल्द शुरू होने वाला है। लेकिन इससे पहले ही यह एक बड़े विवाद में घिर गया है। सवाल उठ रहा है कि यह हवाई अड्डा यात्रियों को दिल्ली इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुकाबले महंगा पड़ेगा। खुद जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने जेवर इंटरनेशल एयरपोर्ट पर प्रस्तावित 'यूज़र डेवलपमेंट फ़ीस' (UDF) और यात्रियों से लिए जाने वाले अन्य शुल्कों को लेकर चिंता जाहिर की है।
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक सिंह ने प्रधानमंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव को एक विस्तृत पत्र लिखा भेजा है, जिसमें शुल्कों पर फिर से विचार करने की मांग की गई है।
जेवर विधायक ने पत्र में लिखा, "नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे महत्वाकांक्षी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और पूरे उत्तरी भारत के लोगों को बहुत ज़्यादा उम्मीदें हैं। इस एयरपोर्ट में निवेश, रोज़गार, औद्योगिक विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी का एक बड़ा केंद्र बनने की क्षमता है। हालांकि, शुरुआती चरण में प्रस्तावित शुल्क ढांचा (fee structure ) जनहित के विपरीत प्रतीत होता है।" Jewar Airport
'लखनऊ से जेवर तक का किराया महंगा'
सिंह ने पत्र में लिखा, “7 मई 2026 को, इंडीगो एयरलाइंस ने 15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू होने वाली उड़ानों का शेड्यूल जारी किया। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों और टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध शुरुआती डाटा के अनुसार, लखनऊ से जेवर एयरपोर्ट तक का हवाई किराया लगभग ₹5,072 है, जबकि इसी रूट पर लखनऊ से दिल्ली एयरपोर्ट तक की उड़ानें लगभग ₹3,600 से ₹4,300 की रेंज में उपलब्ध हैं। यह स्थिति गंभीर चिंता का विषय है, क्योंकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की परिकल्पना आम जनता के लिए एक वैकल्पिक, आधुनिक और सुलभ हवाई अड्डे के रूप में की गई थी। यदि शुरुआत में ही टिकट की कीमतें दिल्ली एयरपोर्ट की तुलना में अधिक रहती हैं, तो इससे यात्रियों पर गैरजरूरी वित्तीय बोझ पड़ सकता है।”Jewar Airport
'एयरपोर्ट को नहीं मिली मेट्रो कनेक्टिविटी'
विधायक ने आगे कहा कि, फ़िलहाल, एयरपोर्ट को अभी तक पूरी मेट्रो कनेक्टिविटी, रैपिड रेल एक्सेस और दूसरे मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट इंफ़्रास्ट्रक्चर का फ़ायदा नहीं मिल रहा है। उन्होंने लिखा, “एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले बड़ी संख्या में यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचाने के लिए ज़्यादा समय और यात्रा खर्च उठाना पड़ेगा। ऐसे हालात में, दिल्ली एयरपोर्ट के मुकाबले ज़्यादा UDF और यात्री शुल्क लेना सही नहीं लगता।”
सिंह ने अनुरोध किया कि प्रस्तावित यूजर डेवलपमेंट फीस और यात्रियों से लिए जाने वाले अन्य शुल्कों का फिर से मूल्यांकन किया जाए और उन्हें तर्कसंगत बनाया जाए; नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरुआती कुछ सालों में यात्रियों से लिए जाने वाले शुल्क और UDF को दिल्ली एयरपोर्ट के मुकाबले कम रखा जाए। Jewar Airport
विज्ञापन
विज्ञापन