Jewar Airport: कुछ रूटों पर यात्रियों की संख्या उम्मीद से कम रहने के कारण एयरलाइंस ने कुछ उड़ानों में बदलाव किया है। वहीं एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि आने वाले समय में यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ नए शहरों के लिए भी उड़ानें शुरू की जाएंगी।

जेवर एयरपोर्ट से घरेलू उड़ान सेवाएं शुरू हुए अब करीब एक महीना पूरा हो चुका है। 15 जून से शुरू हुई उड़ानों को यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। अब तक 61 हजार से ज्यादा लोग इस एयरपोर्ट से यात्रा कर चुके हैं। हालांकि कुछ रूटों पर यात्रियों की संख्या उम्मीद से कम रहने के कारण एयरलाइंस ने कुछ उड़ानों में बदलाव किया है। वहीं एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि आने वाले समय में यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ नए शहरों के लिए भी उड़ानें शुरू की जाएंगी।
जेवर एयरपोर्ट से अब तक कुल 61,287 यात्रियों ने यात्रा की है। एयरपोर्ट शुरू होने के बाद से लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। जून के आखिरी 15 दिनों में जहां हजारों लोगों ने इस एयरपोर्ट का इस्तेमाल किया वहीं जुलाई के शुरुआती दिनों में भी यात्री संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली।
उड़ान सेवाएं शुरू होने के समय नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से देश के 16 शहरों के लिए फ्लाइट उपलब्ध कराई गई थीं। इनमें मुंबई, नवी मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, भोपाल, श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, धर्मशाला, पंतनगर, किशनगढ़, चंडीगढ़ और अन्य प्रमुख शहर शामिल थे। हालांकि कुछ रूटों पर यात्रियों की संख्या कम रहने के कारण एयरलाइंस ने अपने नेटवर्क में बदलाव किया है। फिलहाल एयरपोर्ट से 15 शहरों के लिए नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं।
एयरलाइंस ने यात्रियों की मांग को देखते हुए कुछ उड़ानों में बदलाव किया है। अकासा एयर ने फिलहाल नवी मुंबई और बेंगलुरु की अपनी सेवाएं बंद कर दी हैं और अब केवल मुंबई के लिए उड़ान संचालित कर रही है। हालांकि एयरलाइन ने घोषणा की है कि 1 अक्टूबर से नवी मुंबई के लिए उड़ान सेवा फिर से शुरू कर दी जाएगी। वहीं इंडिगो एयरलाइंस ने चंडीगढ़ के लिए अपनी फ्लाइट बंद कर दी है। इसके अलावा देहरादून जाने वाले यात्रियों के लिए भी बदलाव किया गया है। पहले जहां यह सेवा रोजाना उपलब्ध थी अब सप्ताह में केवल सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को ही फ्लाइट मिलेगी। पंतनगर रूट पर भी उड़ानों की संख्या कम करने पर विचार किया जा रहा है।
एयरपोर्ट के शुरुआती संचालन के दौरान यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती रही। 15 जून से 30 जून के बीच 27,841 यात्रियों ने यात्रा की। इनमें हजारों यात्रियों ने नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरी, जबकि बड़ी संख्या में यात्री यहां उतरकर अपने गंतव्य तक पहुंचे। इस दौरान ट्रांसफर और ट्रांजिट यात्रियों की संख्या भी अच्छी रही। वहीं 1 जुलाई से 13 जुलाई के बीच 33,446 यात्रियों ने एयरपोर्ट का इस्तेमाल किया। इस अवधि में भी उड़ान भरने वाले, आने वाले, ट्रांसफर और ट्रांजिट यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह संकेत है कि धीरे-धीरे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यात्रियों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल घरेलू उड़ानों का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। आने वाले समय में जैसे-जैसे अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होंगी यात्रियों की संख्या में और बड़ा इजाफा देखने को मिलेगा। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि एयरलाइंस चरणबद्ध तरीके से नए शहरों के लिए भी उड़ानें शुरू करेंगी जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
यात्री सेवाओं के अलावा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कार्गो ऑपरेशन भी शुरू हो चुका है। 17 जून को चेन्नई से पहली कार्गो फ्लाइट एयरपोर्ट पर उतरी थी। हालांकि इसके बाद नियमित कार्गो उड़ानें शुरू नहीं हो सकी हैं। कार्गो से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पर्याप्त मात्रा में माल उपलब्ध नहीं हो रहा है। जैसे-जैसे औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी और कारोबारियों की मांग बढ़ेगी कार्गो उड़ानों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
विज्ञापन